नीरज चोपड़ा ने फेडरेशन कप में जीता गोल्ड, इतनी दूर फेंका भाला

0

नई दिल्ली

ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपना कमाल दिखाया है। उन्होंने फेडरेशन कप में मेन्स जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। तीन साल में यह पहली बार है जब नीरज चोपड़ा ने घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है। 26 साल के सुपरस्टार को शुरू में थोड़ी परेशानी हुई। इसके चलते वह तीन दौर के बाद दूसरे स्थान पर चल रहे थे। चौथे दौर में उन्होंने 82.27 मीटर के प्रयास से बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने अंतिम दौर में भाला नहीं फेंका, क्योंकि रजत पदक जीतने वाले डीपी मनु अपना अंतिम थ्रो फेंक चुके थे। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता किशोर जेना इस इवेंट में 75.49 मीटर थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

90 मीटर से फिर रह गए दूर
चोपड़ा ने अंतिम बार 17 मार्च 2021 में इसी टूर्नामेंट में घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था जिसमें उन्होंने 87.80 मीटर के थ्रो से स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण जीता। फिर 2022 में डायमंड लीग चैम्पियन और 2023 में विश्व चैम्पियन बने। उन्होंने साथ ही चीन में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक भी बरकरार रखा। चोपड़ा ने इसके अलावा डायमंड लीग के तीन चरण भी जीते और 2022 विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक प्राप्त किया। हालांकि वह अभी तक 90 मीटर का आंकड़ा नहीं छू पाये हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और नेशनल रिकॉर्ड 89.94 मीटर का है।

इसलिए छोड़े थ्रो
नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीतने के बाद कहा कि मैंने कुछ दिन पहले दोहा में हिस्सा लिया था। इसलिए, मैंने आखिरी दो थ्रो छोड़ने का फैसला किया। मैं अगले 10-12 दिनों में चेकिया में फिर से प्रतिस्पर्धा करूंगा। इतने लंबे समय के बाद भारत में प्रतिस्पर्धा करना अच्छा था। उन सभी प्रशंसकों को धन्यवाद जो आज हमारा समर्थन करने आए थे नीरज चोपड़ा ने पिछले सप्ताह दोहा में आयोजित डायमंड लीग 2024 में शानदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान वह 88.36 मीटर के थ्रो के साथ प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे थे। उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा और किशोर जेना, दोनों एथलीटों ने भारत के लिए पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा पहले ही हासिल कर चुके हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here