नई दिल्ली : ट्रैप शूटर नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में भारत को 5वां स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया। अपने पहले ही एशियन गेम्स में नीरू ने एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने उन्हें बधाई दी और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘आइची-नागोया में तिरंगा लहराते देखना बहुत गर्व की बात है। नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला इंडिविजुअल गोल्ड मेडल जीता है। विमेंस ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में आपकी ऐतिहासिक जीत और नया एशियन रिकॉर्ड बनाने पर आपको मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। उम्मीद है यह सुनहरा पल और भी कई युवा भारतीयों को शूटिंग में शामिल होने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।’
राष्ट्रपति ने विमेंस ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर जीतने वाली टीम को भी बधाई दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक्स पर उन्होंने लिखा, ‘एशियन गेम्स 2026 में विमेंस ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी सटीकता और लगातार फोकस ने आपको यह सफलता दिलाई है। उम्मीद है कि आप और भी कई यादगार कामयाबियों पर नजर रखेंगी।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने नीरू ढांडा को गोल्ड जीतने पर बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, ‘भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड। एशियन गेम्स में डेब्यू करने वाली नीरू को एशियन गेम्स 2026 में विमेंस ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में पहला गोल्ड मेडल जीतने पर बहुत-बहुत बधाई।’
अपना पहला एशियन गेम्स खेल रहीं नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने महिलाओं की ट्रैप इंडिविजुअल स्पर्धा के फाइनल में 28 के एशियन रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ नीरू एशियन गेम्स के इतिहास में ट्रैप इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। इतना ही नहीं, वह एशियन गेम्स की ट्रैप इंडिविजुअल स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन गई हैं।


