फोन इस्तेमाल विवाद को लेकर IPL में नई हलचल, जल्द आ सकता है बड़ा फैसला

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, मैच के बीच डगआउट में बैठकर उनके मोबाइल फोन इस्तेमाल करने का मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा तूल पकड़ गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी इस पर सख्ती दिखाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ताजा जानकारी के अनुसार, बोर्ड ने फ्रेंचाइजी मैनेजर से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  गुवाहाटी में आरसीबी के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर द्वारा फोन इस्तेमाल करने के मामले में BCCI ने सोमवार (13 अप्रैल) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले पर बोर्ड की एंटी करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने सख्ती दिखाते हुए भिंडर से अगले 48 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।

फोन इस्तेमाल विवाद में क्या सामने आया मेडिकल एंगल?

इसी बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है जिसके मुताबिक यह पूरा मामला रोमी भिंडर के मेडिकल कारणों से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भिंडर के दोनों फेफड़े सिकुड़ चुके हैं। इसी कारण उन्हें लगातार मेडिकल देखरेख की जरूरत रहती है। इसके चलते वह नागपुर के हॉस्पिटल में एडमिट भी रह चुके हैं। वहीं यह भी पता चला कि उनका इस कारण इधर 10 किलो वजन भी गिरा है, वह ज्यादा दौड़-भाग नहीं कर सकते, सीढ़ियां नहीं चढ़ सकते। उन्हें नियमों की जानकारी है और इसको जानते हुए उन्होंने सिर्फ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए फोन का इस्तेमाल किया।

मैच के दौरान फोन इस्तेमाल को लेकर क्या हैं BCCI के नियम?

आईपीएल के प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल के तहत टीम मैनेजर को ड्रेसिंग रूम के अंदर फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होती है, लेकिन मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग केवल टीम एनालिस्ट तक सीमित होता है। यानी अन्य किसी टीम ऑफिशियल को मैच के बीच डगआउट में फोन या लैपटॉप इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस स्थिति में नियम उल्लंघन की संभावना मानी जा रही है, हालांकि अगर इसमें कोई स्वास्थ्य संबंधी कारण सामने आता है तो बीसीसीआई इस पर क्या निर्णय लेती है, यह देखने वाली बात होगी। अगले 48 घंटों के भीतर रोमी भिंडर द्वारा दिए जाने वाले जवाब पर भी इस मामले का पूरा भविष्य निर्भर करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here