न्यूजीलैंड ने रॉब वाल्टर को अपनी पुरुष क्रिकेट टीम का नया हेड कोच किया नियुक्त

0

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने रॉब वाल्टर को अपनी पुरुष क्रिकेट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह घोषणा लंबे समय तक कोच रहे गैरी स्टीड के विदाई के बाद की गई है। सभी फॉर्मेट की जिम्मेदारी संभालने वाले वाल्टर जल्द ही अपने नए रोल में कदम रखेंगे। उनकी पहली चुनौती जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला व्हाइट-बॉल दौरा होगा।

किसी परिचय का मोहताज नहीं

रॉब वाल्टर का नाम क्रिकेट की दुनिया में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। इससे पहले वह साउथ अफ्रीका के व्हाइट-बॉल कोच रह चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी कोचिंग का लोहा मनवाया। उनके नेतृत्व में साउथ अफ्रीका ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचा और पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, फाइनल में भारत के खिलाफ उन्हें बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इस टूर्नामेंट में प्रोटियाज ने लगातार आठ मैच जीतकर सभी को प्रभावित किया था। इसके अलावा, वाल्टर की कोचिंग में साउथ अफ्रीका ने इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के नॉकआउट स्टेज में भी जगह बनाई।

वाल्टर का कॉन्ट्रैक्ट 2028 टी-20 वर्ल्ड कप तक है, जिसकी मेजबानी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया संयुक्त रूप से करेंगे। इस लंबी अवधि में उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी, जिनमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का अगला साइकिल, 2027 वनडे वर्ल्ड कप और दो टी-20 वर्ल्ड कप शामिल हैं। वाल्टर के लिए न्यूजीलैंड कोई नया मैदान नहीं है। साउथ अफ्रीका की कोचिंग से पहले उन्होंने न्यूजीलैंड की घरेलू क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने ओटागो वोल्ट्स और सेंट्रल स्टैग्स के साथ कोचिंग की थी और न्यूजीलैंड ए टीम को भी अपनी सेवाएं दी थीं। इतना ही नहीं, वाल्टर ने आईपीएल में भी असिस्टेंट कोच के रूप में पुणे वॉरियर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ काम किया है।

रॉब वाल्टर का एक खास शिष्य भी क्रिकेट की दुनिया में धमाल मचा रहा है। साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन, जो वाल्टर की कोचिंग में अपनी प्रतिभा को निखार चुके हैं, इस बार आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर रिटेन किया है। क्लासेन की तूफानी बल्लेबाजी ने फैंस का दिल जीता है और वाल्टर की कोचिंग का असर साफ दिखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here