न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

0

राजकोट: न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कीवी टीम ने 285 रनों का लक्ष्य 47.3 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह भारत में न्यूजीलैंड द्वारा किया गया सबसे बड़ा सफल रन चेज है। न्यूजीलैंड की जीत के हीरो डेरिल मिचेल रहे, जिन्होंने 117 गेंदों पर नाबाद 131 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। मिचेल ने जीत का चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। उनके अलावा विल यंग ने 87 रनों की अहम पारी खेली। इससे पहले टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। केएल राहुल ने 92 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाते हुए वनडे करियर का आठवां शतक जड़ा। कप्तान शुभमन गिल ने 56 रन, रोहित शर्मा ने 24 और विराट कोहली ने 23 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टियन क्लार्क ने 3 विकेट चटकाए। अब सीरीज का निर्णायक तीसरा मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here