न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 2-0 से हराया, अंकतालिका में तीन टीमों के स्थान बदले

0

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड ने सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को माउंट माउंगानुई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम की। तीसरे और अंतिम टेस्ट के पांचवें दिन न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 323 रन से पराजित किया। सीरीज का पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा, जबकि दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने 9 विकेट की शानदार जीत दर्ज की थी।

इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुँचने का अपना दावा पक्का कर दिया। अब न्यूजीलैंड WTC पॉइंट्स तालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है, जबकि इससे पहले वह चौथे नंबर पर था। न्यूजीलैंड के दूसरे नंबर पर पहुंचने से साउथ अफ्रीका और श्रीलंका की स्थिति में भी बदलाव हुआ; साउथ अफ्रीका अब तीसरे और श्रीलंका चौथे नंबर पर खिसक गए हैं।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका 2025-27 (22 दिसंबर 2025 तक अपडेट)
टीमें मैच जीते हारे टाई ड्रॉ बेनतीजा अंक पर्सेंटाइल
ऑस्ट्रेलिया 6 6 0 0 0 0 72 100
न्यूजीलैंड 3 2 0 0 1 0 28 77.78
साउथ अफ्रीका 4 3 1 0 0 0 36 75
श्रीलंका 2 1 0 0 1 0 16 66.67
पाकिस्तान 2 1 1 0 0 0 12 50
भारत 9 4 4 0 1 0 52 48.15
इंग्लैंड 8 2 5 0 1 0 26 27.08
बांग्लादेश 2 0 1 0 1 0 4 16.67
वेस्टइंडीज 8 0 7 0 1 0 4 4.17
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका का पॉइंट सिस्टम

टेस्ट मैच जीतने पर: 12 अंक
टेस्ट मैच टाई होने पर: 06 अंक
टेस्ट मैच ड्रॉ होने पर: 04 अंक
अंकतालिका में स्थिति: टीमों को जीते गए अंकों के प्रतिशत के अनुसार रैंकिंग दी जाती है।
कौन खेलेगा फाइनल: टॉप दो टीमें 2027 में फाइनल में पहुंचेंगी।
अंकों में कटौती: धीमी ओवर रेट के लिए पॉइंट्स काटे जाएंगे।
नोट: भारत के खिलाफ 10 जुलाई 2025 को मैच में धीमी ओवर-रेट के लिए इंग्लैंड के 2 अंक काट लिए गए।

वेस्टइंडीज को मिला 462 रन का विशाल लक्ष्य

तीसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के मुकाबले में मेहमान टीम को जीत के लिए 462 रन का कठिन लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज ने पांचवें दिन सुबह अपनी दूसरी पारी बिना किसी विकेट के 43 रन से शुरू की, लेकिन पूरी टीम केवल 138 रन पर ढेर हो गई। पारी में सिर्फ चार बल्लेबाज ही दोहरे अंकों तक पहुँच सके, जिसमें ब्रैंडन किंग ने सबसे अधिक 67 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 575 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 420 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी दो विकेट पर 306 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। उसकी तरफ से कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे ने दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने 42 रन देकर पांच महत्वपूर्ण विकेट लिए। उनके अलावा अयाज पटेल ने 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। शानदार प्रदर्शन के लिए जैकब डफी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। जैकब डफी ने टेस्ट सीरीज में कुल 23 विकेट अपने नाम किए। इस तेज गेंदबाज ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा विकेट (80) लेने का न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भी तोड़ा, जो पहले रिचर्ड हैडली के नाम था। यह उपलब्धि उन्होंने सीरीज में तीसरी बार पांच विकेट लेने के दौरान हासिल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here