करियर की सबसे बड़ी हार के बाद नेमार का टूटा दिल, आंखों से छलके आंसू

0

नई दिल्ली: ब्राजील के सुपरस्टार नेमार रविवार (18 अगस्त) को अपने करियर की सबसे दर्दनाक हार से टूट गए। ब्राजीलियन सेरी ए मैच में सैंटोस को वास्को दा गामा ने 0-6 के बड़े अंतर से हराया। खास बात यह रही कि दूसरे हाफ में ही वास्को ने पांच गोल दागे, जिससे मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। इस शर्मनाक हार के बाद नेमार फुल टाइम सीटी बजने पर फूट-फूटकर रोते दिखे।

इस जीत से वास्को दा गामा ने 19 अंकों के साथ 16वां स्थान हासिल कर लिया और अब सैंटोस से केवल दो अंक पीछे है। मैच में लुकास पिटोन ने शुरुआती गोल किया, जबकि पूर्व लिवरपूल और बार्सिलोना फॉरवर्ड फिलिपे कॉटिन्हो ने दूसरे हाफ में दो गोल दागे। इसके अलावा डेविड कोरेया डी फोंसेका, रेयान और डैनिलो नेवेस ने भी गोल कर स्कोरलाइन को 6-0 तक पहुंचा दिया।

प्रशंसकों का गुस्सा फूटा, कोच की छुट्टी

नेमार को मैच के बाद सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य और वास्को दा गामा के मुख्य कोच फर्नांडो डिनिज ने सांत्वना दी, जब वह आंसुओं के साथ ड्रेसिंग रूम की ओर लौट रहे थे। इस शर्मनाक हार से गुस्साए सैंटोस के प्रशंसकों ने मैदान की ओर पीठ करके अपना विरोध दर्ज कराया। क्लब प्रबंधन ने भी कड़ा कदम उठाते हुए मुख्य कोच क्लेबर जेवियर को तुरंत बर्खास्त करने का ऐलान कर दिया।

टीम के प्रदर्शन पर फैंस का फूटा गुस्सा

जून में अपने बचपन के क्लब के साथ नया करार करने वाले (मीडिया रिपोर्ट के अनुसार) नेमार ने भावुक होकर कहा, “यह हार मेरे लिए बेहद शर्मनाक है। हमारी टीम के खेल से मैं पूरी तरह निराश हूं। प्रशंसकों को अपनी नाराजगी जताने का हक है, बशर्ते कि वह अहिंसक हो… अगर वे गुस्से में गाली-गलौज या आलोचना करना चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है।”

बाहिया के खिलाफ अगले मैच में नहीं खेलेंगे नेमार

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नेमार ने अपनी भावनाओं को बयां करते हुए कहा, “यह मेरे लिए बेहद शर्मनाक अनुभव है। मैंने अपने करियर में ऐसा कभी नहीं देखा था, लेकिन दुर्भाग्य से यह हो गया। मेरे आंसू गुस्से और बेबसी से निकले। अफसोस की बात है कि मैं टीम की मदद करने में असमर्थ रहा। सच कहूं तो यह पूरी तरह निराशाजनक और शर्मनाक था।” इस हार के बाद नेमार पर और मुश्किलें बढ़ीं, क्योंकि उन्हें इस सीजन का तीसरा येलो कार्ड भी मिल गया, जिसके चलते वह बाहिया के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले से बाहर हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here