नेमार के बयान से फैंस में सनसनी: क्या इस साल के अंत में फुटबॉल को अलविदा कह देंगे दिग्गज खिलाड़ी?

0

नई दिल्ली : ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है। लगातार चोटों से जूझते हुए नेमार अब फुटबॉल को अलविदा देने पर विचार कर रहे हैं। नेमार ने शुक्रवार को ब्राजील के एक डिजिटल चैनल को यह संकेत दिया कि वे जल्द ही खेल से संन्यास ले सकते हैं। उनके इस बयान ने फैंस के बीच खलबली मचा दी है। इस साल फीफा विश्व कप भी होने वाला है, लेकिन इससे पहले ही नेमार का खेल छोड़ने का विचार उनके प्रशंसकों के लिए बेहद निराशाजनक और दिल तोड़ने वाला संदेश है। नेमार ने कहा, मुझे नहीं पता कि अब से क्या होगा। मुझे अगले साल के बारे में भी नहीं पता। हो सकता है कि जब दिसंबर आए तो मैं फुटबॉल से संन्यास लेना चाहूं। मैं अब साल दर साल जी रहा हूं। यह विश्व कप का साल है। इसलिए बहुत जरूरी है। ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के साथ-साथ मेरे लिए भी।

क्या नेमार इस साल विश्व कप में खेल पाएंगे?

34 साल के हो चुके नेमार ने पिछले महीने अपने बचपन के क्लब सैंटोस के साथ अपने अनुबंध को बढ़ाया था। नेमार जनवरी 2025 में सैंटोस लौटे और टीम को ब्राजील की शीर्ष टीम बने रहने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सीजन के आखिरी पांच मैचों में पांच गोल किए। नेमार की हाल ही में घुटने की सफल सर्जरी हुई थी। वह बार-बार चोटों से जूझ रहे हैं। चोट ने उनके करियर पर असर डाला है। ब्राजील के लिए अब तक के सबसे ज्यादा 79 गोल करने वाले नेमार अक्तूबर 2023 के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेले हैं। इससे आने वाले फुटबॉल विश्व कप में भी उनके खेलने पर खतरा पैदा हो गया है।

चोटों ने नेमार के करियर पर डाला असर

ब्राजील के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने पिछले साल बार-बार यह स्पष्ट किया है कि 2026 फीफा विश्व कप के लिए केवल पूरी तरह फिट खिलाड़ियों पर ही विचार किया जाएगा। इस विश्व कप का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका में किया जाएगा। नेमार ने 18 साल की उम्र में 2010 में ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना शुरू किया था। उस समय उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें दुनिया का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा था। कई अवसरों पर नेमार ने अपनी असाधारण क्षमता दिखाई, लेकिन लगातार चोटों ने उनके करियर को गंभीर रूप से प्रभावित किया। इन चोटों के कारण उनके कई महत्वपूर्ण साल खराब हो गए और इस दौरान उनके जूनियर खिलाड़ी उनसे काफी आगे निकल गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here