एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल अंडर-12 प्रथम निखिल कुशवाह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत शुक्रवार को रेलवे ग्राउंड, भोपाल में तीसरा मुकाबला अरेरा क्रिकेट अकादमी और रेलवे गर्वित क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। मुकाबले में रेलवे गर्वित क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरेरा क्रिकेट अकादमी को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर अरेरा क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में 148 रन बनाए। अरेरा की ओर से अनिका ने 43 रन और रुद्राक्ष ने भी 43 रनों की उपयोगी पारी खेली। रेलवे गर्वित की गेंदबाजी कसी हुई रही, जहां सौरव और अरब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे गर्वित क्रिकेट अकादमी की टीम ने मजबूत शुरुआत की। टीम ने 25 ओवर में ही 149 रन बनाकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। रेलवे गर्वित की ओर से राजवीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 रन बनाए, जबकि सौरव ने 33 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। टीम के दोनों विकेट रन आउट के रूप में गिरे। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन और मैच जिताऊ पारी के लिए राजवीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


