नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 11 जनवरी से होगी। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। वहीं, चयनकर्ताओं ने तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल को टीम से बाहर कर दिया है। भारतीय टीम इस सीरीज में संतुलित संयोजन के साथ न्यूजीलैंड को चुनौती देने उतरेगी।
ओपनिंग में रोहित-गिल पर भरोसा, यशस्वी का इंतजार बरकरार
इसमें कोई शक नहीं है कि न्यूजीलैंड की टीम बेहद मजबूत है और वनडे सीरीज में भारत को कीवी टीम से कड़ी चुनौती मिलने वाली है। ऐसे में इस सीरीज को जीतने के लिए भारतीय टीम को एक संतुलित और मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना होगा, जो संभावित तौर पर कुछ इस तरह हो सकता है।
भारत के लिए पारी की शुरुआत रोहित शर्मा और शुभमन गिल कर सकते हैं। यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिलेगा क्योंकि गिल की वापसी हो चुकी है। तीसरे नंबर पर भारत के लिए विराट कोहली खेलेंगे जबकि श्रेयस अय्यर की वापसी के बाद वो चौथे नंबर पर खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि श्रेयस अय्यर की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर है जो बीसीसीआई के द्वारा पहले ही बताया जा चुका है।
प्लेइंग इलेवन में पांचवें नंबर पर केएल राहुल नजर आ सकते हैं, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी कर चुके हैं। वहीं छठे नंबर पर स्पिन ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को शामिल किया जा सकता है, जबकि सातवें नंबर पर वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिलने की संभावना है। इसके अलावा स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव संभालेंगे, जबकि तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर हर्षित राणा या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को टीम में जगह दी जा सकती है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा/प्रसिद्ध कृष्णा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।


