अब इस प्रतियोगिता में भिड़ेंगे ओलंपिक पदक विजेता नीरज और पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद

0

नई दिल्ली: भारत के महानतम एथलीट्स में शुमार और भाला फेंक में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने के बाद पेरिस डायमंड लीग में जीत दर्ज की। साथ ही ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक इवेंट भी अपने नाम किया। हालांकि, पेरिस और ओस्ट्रावा में वह 90 मीटर की दूरी नहीं तय कर सके, लेकिन उनके आत्मविश्वास को जरूर बल मिला होगा। अब वह नीरज चोपड़ा क्लासिक भाला फेंक प्रतियोगिता में खेलते दिखेंगे। हालांकि, इस टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम हिस्सा नहीं लेंगे। अरशद और नीरज के बीच गजब की प्रतिद्वंद्विता है और फैंस इन दोनों के बीच टक्कर का जमकर लुत्फ उठाते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब नदीम ने खुलासा किया है कि वह अगली बार किसी प्रतियोगिता में खेलते दिख सकते हैं।

नीरज दोहा में और फिर ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में जूलियन वेबर के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, पेरिस और ओस्ट्रावा में पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, इन चारों टूर्नामेंट पाकिस्तान के अरशद नदीम नदारद थे। नदीम ने इस सत्र में ज्यादा प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लिया है वह इसके प्रति काफी चयनात्मक रहे हैं। वह फिलहाल पाकिस्तान में प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने पिछले महीने एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जरूर भाग लिया था, जिसमें नीरज नहीं खेले थे। नदीम ने वहां 86.40 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था।

अब पाकिस्तान के इस भाला फेंक एथलीट ने कहा है कि उनका पूरा ध्यान विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप पर है। उन्होंने लाहौर में विश्व ओलंपिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एक कार्यक्रम में शिरकत की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मौके पर नदीम ने कहा, ‘मेरा ध्यान विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप पर है और मैं इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं। लाहौर में बहुत गर्मी है। मैं जल्द ही इंग्लैंड जा रहा हूं और वहां एक महीने ट्रेनिंग करूंगा।’ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होगी जहां अरशद और नीरज दोनों खिलाड़ियों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है। वहां दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

नदीम ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में 92.97 मीटर के थ्रो के साथ ओलंपिक भाला फेंक रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचा था। वहीं, नीरज 89.45 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। नदीम ने लाहौर में कार्यक्रम के दौरान अपनी उपलब्धि पर विचार साझा किए और युवा एथलीटों को प्रोत्साहन दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस मौके पर कहा, ‘खिलाड़ियों के लिए विश्व ओलंपिक दिवस का जश्न मनाना गर्व की बात है और मुझे गर्व है कि मैं पहली बार ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के रूप में इसका जश्न मना रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘युवाओं को मेरा संदेश है कि वे एकाग्र रहें। मैं एक छोटी सी जगह से आया और स्वर्ण पदक जीता। इसलिए, अगर वे कड़ी मेहनत करते हैं, तो वे भी पदक जीत सकते हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here