Olympic Games: लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु अपनी ओलंपिक तैयारियों के तहत फ्रांस और जर्मनी में प्रशिक्षण लेंगे

0

नई दिल्ली: भारतीय शटलर लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु अपनी ओलंपिक तैयारियों के तहत क्रमशः फ्रांस और जर्मनी में प्रशिक्षण लेंगे। इसकी खेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। दरअसल, सेन ने फ्रांस के मार्सिले में 12 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के लिए वित्तीय सहायता मांगी थी। वह आठ-21 जुलाई तक अपने कोच और सहयोगी स्टाफ के साथ द हाले डेस स्पोर्ट्स पार्सेमेन में प्रशिक्षण लेंगे।

वहीं, सिंधु जर्मनी के सारब्रुकन में हरमन-न्यूबर्गर स्पोर्ट्सक्यूल में प्रशिक्षण लेंगी। पेरिस जाने से पहले वह अपने कोच और सहयोगी स्टाफ के साथ एक महीने से अधिक समय तक वहां अभ्यास करेंगी। मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि, “खेल मंत्रालय की लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के तहत उनके (लक्ष्य-सिंधु) हवाई किराया, बोर्डिंग/आवास लागत, स्थानीय परिवहन शुल्क, वीजा शुल्क, शटलकॉक खर्चों के वित्तपोषण को मंजूरी दे दी गई।”

बैठक के दौरान खेल मंत्रालय ने टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला और तीरंदाज तिशा पुनिया के उपकरण खरीदने के समर्थन के प्रस्तावों और गोल्फर अदिति अशोक और तैराक आर्यन नेहरा के विभिन्न प्रतियोगिताओं में यात्रा के लिए सहायता के अनुरोध को भी मंजूरी दे दी। इसमें आगे कहा गया है कि, “टॉप्स उनके हवाई किराया, आवास लागत, स्थानीय परिवहन लागत और आर्यन के उपकरण और अदिति की कैडी फीस का वित्तपोषण करेगा।”

खेल मंत्रालय ने टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई और महिलाओं की 4×400 रिले टीम को टॉप्स कोर ग्रुप में शामिल करने और पहलवान निशा (68 किग्रा) और रीतिका (76 किग्रा) को कोर ग्रुप में पदोन्नत करने की भी मंजूरी दे दी। मंत्रालय ने लॉस एंजिल्स और ब्रिस्बेन में क्रमशः 2028 और 2032 ओलंपिक पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगामी गोल्फर कार्तिक सिंह को टॉप्स डेवलपमेंट में शामिल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here