NST News।भोपाल। मध्यप्रदेश के उभरते खिलाड़ियों की तलाश के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च 2026-27 के तहत एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स का पहला दिन रविवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में उत्साह और प्रतिस्पर्धा के माहौल में संपन्न हुआ। पहले दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 400 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों ने दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, पोल वॉल्ट और शॉटपुट सहित कई एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन विशेषज्ञ चयनकर्ताओं ने निर्धारित तकनीकी मानकों के आधार पर किया। चयनित खिलाड़ियों को विभाग की खेल अकादमियों में प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार टैलेंट सर्च 2026-27 का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाना है। विभाग इसे केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण अभियान मानता है। विभाग ने बताया कि टैलेंट सर्च अभियान के अंतर्गत अब तक जूडो, कुश्ती, बॉक्सिंग, फेंसिंग, शूटिंग, बैडमिंटन, टेनिस, कयाकिंग-कैनोइंग, स्लालॉम और घुड़सवारी जैसी विभिन्न खेल विधाओं के चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। सभी खेलों में खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। एथलेटिक्स ट्रायल्स के पहले दिन भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस अभियान को नई ऊर्जा दी। विभाग ने बताया कि एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स 21 और 22 जुलाई को भी टी.टी. नगर स्टेडियम में जारी रहेंगे। पात्र खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने की अपील की गई है।


