नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 के दूसरे चरण के समारोह में खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया। समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं गोलकीपर सविता पूनिया को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वहीं, भारतीय कुश्ती को नई पहचान दिलाने वाले रूस के महान फ्रीस्टाइल रेसलिंग कोच व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्मश्री प्रदान किया गया।

रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए पद्मश्री से नवाजा गया। दूसरी ओर, भारतीय महिला हॉकी की ‘द ग्रेट वॉल’ के नाम से मशहूर सविता पूनिया को खेल जगत में उनके लंबे और शानदार योगदान के लिए यह सम्मान मिला। सविता लगातार तीन बार एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं और उन्होंने भारतीय महिला हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह में दिवंगत कोच व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया गया। भारतीय कुश्ती टीम के कोच के रूप में उन्होंने सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त और बजरंग पुनिया जैसे ओलंपिक पदक विजेता पहलवानों को प्रशिक्षित किया। उनके मार्गदर्शन में भारत ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में अपनी मजबूत पहचान बनाई और विश्व स्तर पर उल्लेखनीय सफलताएं हासिल कीं।
खेल जगत के अलावा समारोह में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याग्निक को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पुरस्कार ग्रहण करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। वहीं, अभिनेता आर. माधवन, पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को भी पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
पद्म पुरस्कार 2026 के दूसरे चरण में कुल 65 हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और इन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।


