नई दिल्ली: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आयोजन किया जा रहा है और इस सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान आई हुई है। इन दोनों टीमों के बीच इस टी20आई सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को रावलपिंडी में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है जो अभी बाबर आजम और विराट कोहली के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज है।
सबसे तेज 3000 रन बनाने के करीब रिजवान
न्यूजीलैंड के खिलाफ रिजवान के पास टी20आई में सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने काम करने का अच्छा मौका है और इसके लिए उन्हें 19 रन की जरूरत है। कीवी टीम के खिलाफ 19 रन बनाते ही रिजवान टी20आई में सबसे कम पारियों में 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और बाबर व कोहली को पीछे छोड़ देंगे। बाबर और कोहली ने टी20आई में 81-81 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। वहीं रिजवान की बात करें तो उन्होंने अब तक टी20आई में 91 मैचों की 78 पारियों में 2981 रन बनाए हैं। 19 रन बनाते ही वो 3000 रन 79 पारियों में पूरे कर लेंगे और बाबर साथ ही कोहली से आगे निकल जाएंगे।
टी20आई में सबसे कम पारियों में 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
बाबर आजम – 81 पारी
विराट कोहली – 81 पारी
एरोन फिंच – 98 पारी
मार्टिन गप्टिल – 101 पारी
डेविड वॉर्नर – 102 पारी
पहला मैच बारिश में धुला
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला गुरुवार को खेला जाना था, लेकिन बारिश की वजह से ये मैच नहीं हो पाया। हालांकि बाद में 5-5 ओवर का मैच करवाने का फैसला किया गया था, लेकिन बारिश ने इसमें भी बाधा डाल दी थी। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता था और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इस मैच में पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ 2 गेंदें पेंकी गई थी। बारिश की वजह से मैच का कोई फैसला नहीं निकल पाया और फैंस को निराशा हाथ लगी थी।


