नई दिल्ली: पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने इस फैसले को सही साबित करते हुए पहली पारी में 378 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर तक पहुंचाने में सलमान अली आगा, मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और शान मसूद के अर्धशतकों का अहम योगदान रहा। इन चारों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता के संतुलन के साथ बल्लेबाजी की, जिससे पाकिस्तान की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
पाकिस्तान की पारी को संवारने वाले चार अर्धशतक
पाकिस्तान की तरफ से टीम के विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने 140 गेंदों पर 2 छक्के और 2 चौकों के साथ 75 रन की पारी खेली जबकि सातवें नंबर पर बैटिंग करने आए सलमान आगा ने 145 गेंदों पर 3 छक्के और 5 चौकों के साथ शानदार 93 रन बनाए। सलमान अपने शतक से सिर्फ 7 रन से चूक गए, लेकिन उन्होंने आखिरी समय पर टीम के लिए अच्छा योगदान दिया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 76 रन बनाए, जबकि इमाम-उल-हक ने दमदार 93 रन की पारी खेली। दिलचस्प बात यह रही कि इमाम और सलमान अली आगा दोनों ही बल्लेबाज 93-93 रन पर आउट होकर नर्वस नाइनटीज का शिकार बन गए। पाकिस्तान की इस अच्छी शुरुआत के बावजूद साउथ अफ्रीका के लिए सेनुरन मुथुसामी ने पहली पारी में शानदार गेंदबाज़ी की और 6 अहम विकेट चटकाए। दूसरी ओर, बाबर आज़म का बल्ला इस बार खामोश रहा और उन्होंने केवल 23 रन बनाए, जिससे टीम को उनसे जो उम्मीदें थीं, वो पूरी नहीं हो सकीं।

