PAK vs SL: पाकिस्तान-श्रीलंका वनडे सीरीज का शेड्यूल बदला, नई तारीखें घोषित

0

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के बचे हुए दो मुकाबलों के शेड्यूल में बदलाव किया है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार (11 नवंबर) को हुए आत्मघाती धमाके के बाद PCB ने यह फैसला लिया।

सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान-श्रीलंका वनडे सीरीज का शेड्यूल बदला

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 नवंबर को खेला गया था, जिसमें पाकिस्तान ने जीत दर्ज की थी। इस सीरीज के बाकी दो मुकाबले पहले 13 और 15 नवंबर को खेले जाने थे, लेकिन अब शेड्यूल में बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार, दूसरा वनडे अब 14 नवंबर को जबकि तीसरा वनडे 16 नवंबर को खेला जाएगा।

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इस अपडेट की पुष्टि करते हुए इस्लामाबाद में हुई हालिया घटना के बावजूद पाकिस्तान का दौरा जारी रखने के लिए श्रीलंकाई क्रिकेट टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि “खेल भावना और एकजुटता की भावना जीवित है।” नकवी ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के फैसले की सराहना करते हुए इसे दोनों क्रिकेट खेलने वाले देशों के बीच विश्वास और दोस्ती का प्रतीक बताया।

इस वनडे सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव तब किया गया जब श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने स्पष्ट कर दिया कि टीम का पाकिस्तान दौरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बोर्ड ने यह भी जोड़ा कि उसका उद्देश्य है कि सीरीज बिना किसी नुकसान या अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक पूरी हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here