नई दिल्ली : पाकिस्तान और पीसीबी ने आखिरकार हार मान ली है। टीम इंडिया को एशिया कप 2025 की ट्रॉफी सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया है। अब तक अपनी जिद पर अड़े रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की पूरी सख्ती और ऐंठ एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के फैसले के बाद खत्म हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एसीसी ने एशिया कप की ट्रॉफी यूएई क्रिकेट बोर्ड को सौंप दी है, और इसे जल्द ही बीसीसीआई को आधिकारिक रूप से दे दिया जाएगा। गौरतलब है कि भारत ने 28 सितंबर को खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर यह खिताब जीता था।
कड़ी आलोचनाओं के बीच मंच पर डटे रहे मोहसिन नकवी
भारतीय क्रिकेट टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अजेय रहते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। लेकिन जब विजेता ट्रॉफी सौंपने का समय आया, तो एक अलग ही ड्रामा देखने को मिला। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने मंच पर पहुंचे, लेकिन टीम इंडिया ने साफ कर दिया कि वे उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं लेंगे। इसके बावजूद मोहसिन नकवी मंच पर अड़े रहे और ट्रॉफी हाथ में लिए खड़े रहे। बाद में वे बिना ट्रॉफी सौंपे ही मंच से उतर गए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और चारों ओर से पीसीबी व नकवी की आलोचना शुरू हो गई।
ट्रॉफी विवाद के बाद मोहसिन नकवी को झेलनी पड़ी तीखी आलोचना
मंगलवार को दुबई में हुई एसीसी बैठक में बीसीसीआई के प्रतिनिधि राजीव शुक्ला और आशीष शेलर ने मोहसिन नकवी को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि भारत ने एशिया कप का खिताब जीता है और उसका अधिकार है, इसलिए जल्द से जल्द ट्रॉफी भारत को सौंपनी चाहिए। बीसीसीआई ने यह भी योजना बना ली है कि यदि पीसीबी ने ट्रॉफी सौंपने में देरी की तो मामले को आईसीसी तक ले जाया जाएगा।
भारत के सामने पाकिस्तान चारों खाने चित्त
इस बीच, अब से कुछ ही देर पहले खबर सामने आई है कि एशिया क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने एशिया कप की ट्रॉफी यूएई क्रिकेट बोर्ड को सौंप दी है, जो बाद में भारतीय टीम को दी जाएगी। भारतीय टीम की मुख्य मांग यही थी कि मोहसिन खान इस ट्रॉफी को न लें। अगर एसीसी यह कदम 28 सितंबर को ही उठा लेता, तो यह विवाद इतना बड़ा नहीं होता। हालांकि, अंततः एसीसी ने वही निर्णय लिया जो भारत चाहता था। इस तरह, भारत ने न केवल एशिया कप में बल्कि रणनीतिक स्तर पर भी एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की है।


