नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रमुख भाला फेंक एथलीट अरशद नदीम के लंबे समय से कोच सलमान इकबाल को रविवार (12 अक्टूबर) को पाकिस्तान एथलेटिक्स महासंघ ने पंजाब एथलेटिक्स संघ के संविधान का उल्लंघन करने के आरोप में आजीवन प्रतिबंधित कर दिया। सलमान इकबाल पंजाब एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष भी हैं। यह फैसला देश के एथलेटिक्स संगठन में अनुशासन बनाए रखने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
आजीवन प्रतिबंध के तहत इकबाल किसी भी एथलेटिक्स गतिविधि में भाग नहीं ले सकते और कोचिंग भी नहीं दे सकते हैं और किसी भी स्तर पर कोई पद पर काबिज नहीं हो सकते हैं। पाकिस्तान एमेच्योर एथलेटिक्स महासंघ (पीएएएफ) ने इकबाल पर पंजाब संघ के चुनाव कराकर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, जो अगस्त में हुए थे।
प्रतिबंध के लिए जांच समिति ने दी सलमान इकबाल पर सिफारिश
सितंबर में गठित जांच समिति ने 10 अक्टूबर को पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) को दिए गए सलमान इकबाल के जवाब के एक दिन बाद उन्हें प्रतिबंधित करने की सिफारिश की थी। यह सिफारिश इकबाल द्वारा पीएसबी को भेजे गए जवाब से जुड़ी हुई लगती है, जिसमें उन्होंने टोक्यो में हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अरशद नदीम के खराब प्रदर्शन के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था। इसके अलावा, पीएसबी ने भाला फेंक खिलाड़ी की ट्रेनिंग और यात्रा पर हुए खर्चों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी की मांग की थी।
इकबाल ने भेजा विवादित मुद्दे पर अपना जवाब
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इकबाल ने अपने जवाब में कहा, “अरशद की तैयारियों में पिंडली की मांसपेशियों की समस्या के कारण हुई सर्जरी के कारण बाधा आई। टोक्यो में ट्रैक हार्ड था। मौसम गर्म और उमस भरा था। इससे विभिन्न स्पर्धाओं में कई एथलीटों का प्रदर्शन प्रभावित हुआ। उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तान एमेच्योर एथलेटिक्स महासंघ ने पिछले एक साल से नदीम से संबंधित किसी भी चीज से खुद को अलग कर लिया था।
अरशद की चोट के लिए दोस्त से मदद
ओलंपिक चैंपियन के प्रशिक्षण और यात्रा पर हुए खर्च के बारे में इकबाल ने बताया कि उन्हें एक दोस्त से आर्थिक मदद लेनी पड़ी ताकि पाकिस्तान का यह शीर्ष एथलीट साउथ अफ्रीका में प्रशिक्षण ले सके और पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद उसके रिहैब में भी मदद मिल सके। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी लिखा कि जब पूरा देश नदीम की उपलब्धियों पर खुशी मना सकता है, तो उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने पर समर्थन भी मिलना चाहिए।
अरशद नदीम ने देश का नाम कई बार रोशन किया
इकबाल के खुलासे सभी के लिए चौंकाने वाले साबित हुए, क्योंकि अरशद नदीम ने 2022 से अब तक देश को कई बार गौरवान्वित किया है और कई बड़े सम्मान हासिल किए हैं। उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर पहला ऐसा पाकिस्तानी एथलीट बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके अलावा, नदीम ने 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक भी अपने नाम किया। इन अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के अलावा, इस साल उन्होंने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंक में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।


