नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम जल्द ही टी20 सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है। लेकिन इससे पहले कि सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया जाए, टीम को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टीम के तेज गेंदबाज हारिस राउफ अचानक चोटिल हो गए हैं। वे बांग्लादेश के खिलाफ इसी महीने शुरू होने वाली सीरीज से बाहर हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल तो वे एमएलसी यानी मेजर क्रिकेट लीग से बाहर हुए हैं। हारिस राउफ लंबे समय तक के लिए टीम से बाहर हो सकते हैं।
हारिस राउफ इस वक्त मेजर क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं। वे सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न टीम के मैंबर हैं। अभी इस टूर्नामेंट के कुछ मैच बाकी हैं, लेकिन इससे पहले ही पता चला है कि राउफ को हैमस्ट्रिंग की चोट लगी है। अब वे एलएलसी में अपनी टीम के लिए बचे हुए मैच नहीं खेल पाएंगे। उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज बेन लिस्टर उनकी जगह लेंगे। हारिस राउफ को उस वक्त चोट लगी थी, जब वे चार जुलाई को टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ मैच खेल रहे थे। इस मैच में राउफ ने केवल एक ही ओवर अपनी टीम के लिए फेंका और वे चोटिल हो गए थे। अब वे पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं।
मेजर क्रिकेट लीग तो अब अपने समापन की ओर है, लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज इसी महीने शुरू होगी। पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के दौरे पर जाने वाली है, वहां तीन टी20 मैचों की सीरीज होगी। इसका पहला मैच 20 जुलाई को खेला जाएगा। अभी तक इसके लिए टीम का ऐलान तो नहीं किया गया है, लेकिन संभावना इसी बात की है कि हारिस राउफ इस सीरीज को मिल करने वाले हैं।
पाकिस्तान के लिए अक्टूबर 2020 में डेब्यू करने वाले हारिस राउफ ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच पाकिस्तान के लिए अप्रेल 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अब वे अगली सीरीज में खेलने के लिए भी दावेदार थे, लेकिन चोटिल होने के कारण अब तस्वीर बदल गई है। पाकिस्तान के लिए 85 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके राउफ ने 100 विकेट लेने का काम किया है। मेजर क्रिकेट लीग में उन्होंने 22 मैच खेलकर 28 विकेट अपने नाम किए हैं।


