पाकिस्तान की सेमीफाइनल में सीधी एंट्री, भारत-अफगानिस्तान मुकाबले पर बारिश का साया; जानें पूरा समीकरण

0

नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल राउंड की शुरुआत बारिश के कारण प्रभावित रही। साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम बिना मुकाबला खेले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई। पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला निशिन में खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। मुकाबला रद्द होने के बाद पाकिस्तान को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया, जबकि हॉन्गकॉन्ग का अभियान यहीं समाप्त हो गया।

पाकिस्तान की टीम अपनी बेहतर आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग के आधार पर सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई, जबकि हॉन्गकॉन्ग को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। बारिश के कारण पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टॉस तक नहीं हो सका। अब इसी मैदान पर सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार) भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाना है। हालांकि, मौसम को देखते हुए इस मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

मुकाबले से पहले अफगानिस्तान की बढ़ी टेंशन, बारिश बनी परेशानी

अगर बारिश के कारण भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला नहीं हो पाता है, तो टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार भारत अपनी बेहतर आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग के आधार पर सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। फिलहाल भारत आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें नंबर पर है। ऐसे में मैच रद्द होने की स्थिति में भारत को उसकी बेहतर रैंकिंग का फायदा मिलेगा।

सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ेगा पाकिस्तान?

सेमीफाइनल में क्वार्टर फाइनल 1 की विजेता का सामना क्वार्टर फाइनल 4 की विजेता टीम से होना है। पहले क्वार्टर फाइनल में मुकाबला नहीं शुरू हो सका और पाकिस्तान को रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में एंट्री मिली। चौथे सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना मलेशिया से 29 सितंबर मंगलवार को होगा। इस मैच की विजेता टीम से पाकिस्तान का सेमीफाइनल में 1 अक्टूबर 2026 को सामना होगा। वहीं भारत (अगर सेमीफाइनल में पहुंचा) का मुकाबला 1 अक्टूबर को ही श्रीलंका-नेपाल क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा।

आपको बता दें कि एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। अफगानिस्तान, नेपाल, ओमान, मलेशिया, हॉन्गकॉन्ग, जापान ने पहले राउंड में खेला था। जबकि भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री मिली थी। पहले राउंड के बाद अफगानिस्तान, नेपाल, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल, फाइनल का शेड्यूल
तारीख समय (IST) मैच
28 सितंबर 5:30 AM क्वार्टर फाइनल 1 (पाकिस्तान vs Group B की नंबर 2 टीम)
28 सितंबर 10:00 AM क्वार्टर फाइनल 2 (भारत vs Group A की नंबर 2 टीम)
29 सितंबर 5:30 AM क्वार्टर फाइनल 3 (श्रीलंका vs विजेता Group A)
29 सितंबर 10:30 AM क्वार्टर फाइनल 4 (बांग्लादेश vs विजेता Group B)
1 अक्टूबर 5:30 AM सेमीफाइनल 1 (क्वार्टर फाइनल 1 विजेता vs क्वार्टर फाइनल 4 विजेता)
1 अक्टूबर 10:00 AM सेमीफाइनल 2 (क्वार्टर फाइनल 2 विजेता vs क्वार्टर फाइनल 3 विजेता)
3 अक्टूबर 5:30 AM ब्रॉन्ज मेडल मैच
3 अक्टूबर 10:00 AM फाइनल

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here