नई दिल्ली: बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। टीम को अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। पाकिस्तान को पहले मैच में अमेरिका से सुपर ओवर में हार मिली थी। इसके बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 रनों से पटखनी दी। अब पाकिस्तानी टीम 11 जून को कनाडा के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को ये मैच हर हाल में जीतना होगा। आइए जानते हैं,इस मैच के लिए कैसी हो सकती है पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन?
ओपनिंग की जिम्मेदारी
कनाडा के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकते हैं। इसके लिए टीम में ओपनिंग के लिए फखर जमां को मोहम्मद रिजवान के साथ उतारा जा सकता है। फखर विस्फोटक बैटिंग में माहिर हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदलने में सक्षम हैं। वह तेज गति से रन बना सकते हैं। नंबर-3 पर कप्तान बाबर आजम उतर सकते हैं। बाबर पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनके ऊपर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा।
पिछले कुछ समय से पाकिस्तानी टीम में मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। चौथे नंबर पर उस्मान खान को एक और चांस मिल सकता है। पांचवें नंबर पर इमाद वसीम उतर सकते हैं। शादाब गेंदबाजी और बल्लेबाजी में खराब दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में आजम खान को दोबारा जगह मिल सकती है।
भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाया था और टीम इंडिया को 119 रन ही बनाने दिए थे। ऐसे में कनाडा के खिलाफ मैच के लिए टीम में मोहम्मद आमिर, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ को चांस मिल सकता है। ये खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के बड़े महारथी हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदलने में माहिर हैं।
कनाडा के खिलाफ पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन:
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमां, उस्मान खान, आजम खान, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ और मोहम्मद आमिर।


