नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में जीत के साथ अपना अभियान शानदार शुरुआत की है। टूर्नामेंट के इस सत्र में पाकिस्तान ने अपनी पहली सीरीज में वर्ल्ड चैंपियन साउथ अफ्रीका को पहले टेस्ट मैच में करारी शिकस्त दी। यह खास बात है कि कुछ महीने पहले ही साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का खिताब जीता था, लेकिन इस नए सत्र में उनके लिए शुरुआत निराशाजनक रही। वहीं, इस जीत का सीधा असर अंक तालिका पर पड़ा है, जिससे भारतीय टीम को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।
पाकिस्तान के दौरे पर साउथ अफ्रीका की टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। जिसका पहला मैच लाहौर में खेला गया और मेहमान टीम को 93 रनों से हार झेलनी पड़ी। इस मैच में पाकिस्तान के लिए जीत के हीरो रहे नोमान अली जिन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में नोमान ने 6 विकेट लिए थे तो दूसरी पारी में उन्हें चार सफलताएं मिलीं। इस जीत के साथ पाकिस्तान की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर आ गई है।
भारत टॉप 3 से बाहर हुआ
पाकिस्तान की जीत से मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारत को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। भारतीय टीम ने इस सत्र में कुल 7 मैचों में से चार मैच जीते हैं, लेकिन फिर भी उनके विनिंग प्रतिशत के कारण वह तीसरे स्थान से चौथे स्थान पर खिसक गई है। वहीं, पाकिस्तान ने अपना पहला मैच जीतते ही 100 प्रतिशत जीत के साथ दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपने तीनों मैच जीतकर 36 अंक के साथ 100 प्रतिशत जीत के आधार पर टॉप पोजीशन बनाए रखी है।
श्रीलंका की टीम 2 में से एक मैच जीती है और एक ड्रॉ रहा है इस कारण तीसरे स्थान पर है। इस लिस्ट में इंग्लैंड पांचवें और बांग्लादेश छठे स्थान पर है। जबकि वर्ल्ड चैंपियन साउथ अफ्रीका की टीम अपना पहला मैच हारकर अंक तालिका में 7वें स्थान पर है। वेस्टइंडीज की टीम पांच में से सभी मैच हारकर आठवें स्थान पर बनी हुई है। न्यूजीलैंड की टीम को अभी इस साइकिल में अपना अभियान शुरू करना है।
10 मैचों के बाद रुका साउथ अफ्रीका का जीत का सिलसिला
साउथ अफ्रीका की टीम ने लगातार 10 टेस्ट मैचों में जीत का शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन अब उन्हें रेड बॉल फॉर्मेट में हार का सामना करना पड़ा है। उनकी पिछली हार 2023-24 में भारत के खिलाफ हुई थी। इसके बाद टीम ने कुल 12 मुकाबले जीते, जिसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच भी शामिल था। लेकिन पाकिस्तान ने इस बार उनके विजय रथ को रोक दिया है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 20 अक्टूबर से रावलपिंडी में खेला जाएगा, जहां साउथ अफ्रीका वापसी की उम्मीद रखेगी।
इस मैच की बात करें तो पहली पारी में पाकिस्तान ने इमाम उल हक, शान मसूद, मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आघा के शानदार अर्धशतकों की बदौलत कुल 378 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम टोनी डी जोर्जी के शतक के बावजूद सिर्फ 269 रन ही बना सकी। दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम 167 रन पर सिमट गई, जिससे साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 277 रन का लक्ष्य मिला। लेकिन जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 183 रन पर ही ऑल आउट हो गई और 93 रनों से हार गई। दूसरी पारी में शाहीन अफरीदी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के लिए 4 विकेट हासिल किए।

