पेरिस: भारतीय पैरा निशानेबाज स्वरूप महावीर पुरुष 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 क्वालिफिकेशन में 613.4 अंक लेकर 14वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके। इस स्पर्धा में शीर्ष आठ निशानेबाज ही फाइनल के लिए क्वालिफाई करते हैं, लेकिन स्वरूप ऐसा करने से चूक गए। स्वरूप पदक के दावेदार थे। हालांकि, उनके हाथ निराशा लगी।
टोक्यो में भी पदक से चूक गए थे
टोक्यो पैरालंपिक में भी स्वरूप कांस्य पदक से चूक गए थे। शनिवार को भी वह 18 निशानेबाजों में 613.4 अंक ही बना सके। दक्षिण कोरिया के पार्क 624.4 अंक से क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहे और स्वरूप से पूरे 10.5 अंक आगे रहे।
पोलियो से पीड़ित
कोल्हापुर के इस निशानेबाज को बचपन में पोलियो का पता चला था जिससे उनके दोनों पैर में लकवा मार गया था। उन्होंने 101.8, 103.0, 101.7, 101.8, 102.4, 102.7 के स्कोर से 613.4 अंक बनाये। एसएच1 वर्ग में वो पैरा निशानेबाज हिस्सा लेते हैं जो बिना किसी परेशानी के पिस्टल संभालते हुए व्हीलचेयर या चेयर पर बैठकर या खड़े होकर निशाना लगा सकते हैं।


