ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी की राह मुश्किल, घरेलू क्रिकेट में 12 रन पर आउट हुए लाबुशेन

0

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर किए गए बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का खराब दौर घरेलू क्रिकेट में भी जारी रहा। ब्रिस्बेन में तस्मानिया के खिलाफ खेले गए शेफील्ड शील्ड मुकाबले में क्वींसलैंड की ओर से उतरे लाबुशेन सस्ते में पवेलियन लौट गए। वह महज 12 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।

लाबुशेन अपनी फॉर्म वापस पाने और एशेज 2023 के बाद टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वह 36 गेंदों में सिर्फ 12 रन (एक चौका) ही बना सके। राइली मेरेडिथ का शिकार हो गए। फिलहाल, पहले बल्लेबाजी करने वाली क्वींसलैंड की टीम का स्कोर 150/3 है, जिसमें जैक क्लेटन (44) और ह्यू वेइबगेन (4) क्रीज पर मौजूद हैं।

लाबुशेन बाहर

क्वींसलैंड के लिए ह्यूगो बर्डन ने 148 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली चार मैचों की अहम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम से लाबुशेन को बाहर कर दिया गया है। टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे लाबुशेन हाल के महीनों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

49 पारियां बीतीं, लेकिन बल्ले से नहीं निकला शतक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की हालिया तीन मैचों की सीरीज में लाबुशेन छह पारियों में कुल 131 रन ही बना सके। जुलाई 2023 में ओल्ड ट्रैफर्ड में शतक लगाने के बाद से लाबुशेन ने 26 टेस्ट मैचों की 49 पारियों में कोई शतक नहीं लगाया है। इस दौरान उन्होंने 24.31 के औसत से कुल 1,094 रन बनाए हैं, जिसमें नौ अर्धशतक शामिल हैं।

12 महीनों में दूसरी बार टेस्ट टीम से बाहर हुए मार्नस लाबुशेन

गाबा में मंगलवार को अपनी टीम के शेफील्ड शील्ड मैच से पहले 32 वर्षीय खिलाड़ी ने उस दबाव के बारे में बात की, जिसके कारण उन्हें पिछले 12 महीनों में दूसरी बार टेस्ट टीम से बाहर होना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लाबुशेन ने कहा, ‘एक क्रिकेटर के तौर पर आप काफी कुछ समझते हैं… आप इसे आलोचनाओं से कुछ समय के लिए दूर होने के एक मौके के रूप में देखते हैं, क्योंकि पिछले लगभग दो सालों से आप लगातार भारी दबाव में रहे हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here