नई दिल्ली: पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच गुरुवार को आईपीएल 2025 का क्वालिफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। पंजाब और आरसीबी ने अंक तालिका में शीर्ष दो पर रहकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है। शीर्ष दो में रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलते है और पंजाब तथा आरसीबी इसका फायदा उठाना चाहेंगी।
पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई है। इसका श्रेय अय्यर और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी को जाता है जिन्होंने टीम की संस्कृति को बदलकर उसे नया स्वरूप प्रदान किया। दूसरी ओर, आरसीबी को नॉकआउट चरण में कई बार हार का सामना करना पड़ा तथा इस बार वह खिताब के सूखे को खत्म करने की उम्मीद कर रही है। उनके अपने शब्दों में खिताब के दोनों दावेदारों के लिए काम अभी आधा ही हुआ है।
पंजाब के लिए चिंता का विषय गेंदबाजी विभाग है, विशेषकर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन के जाने के बाद, जो राष्ट्रीय टीम की तरफ से खेलने के लिए स्वदेश लौट गए हैं। यानसेन ने पावरप्ले और डेथ ओवरों में महत्वपूर्ण ओवर फेंके और टीम को निश्चित रूप से उनकी कमी खलेगी। काइल जैमीसन ने आपने पहले मैच में कुछ उम्मीद जगाई है, लेकिन उन्हें प्रभाव छोड़ने के लिए बेहतर गेंदबाजी करनी होगी। ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई भी यानसेन की जगह ले सकते हैं।
आरसीबी को भी टूर्नामेंट के अंतिम चरण में कुछ खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंता थी लेकिन वह काफी हद तक दूर हो गई है। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है और टिम डेविड भी चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे टीम में अधिक संतुलन आएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाएगा जो पंजाब का घरेलू मैदान भी है। बारिश ने इस सीजन कुछ मुकाबलों में असर डाला है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब मैच के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय रखा है जिससे बारिश होने की स्थिति में मैच होने की उम्मीद बची रहे।
पंजाब और आरसीबी के बीच मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है और अगर बारिश में मैच धुला तो इसका फायदा पंजाब किंग्स को हो सकता है। दरअसल, पंजाब की टीम ग्रुप चरण में पहले स्थान पर रही थी और अगर इस मैच में बारिश ने खलल डाला और मैच रद्द हुआ तो वह शीर्ष पर रहने के कारण फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी और आरसीबी को खिताबी मैच में पहुंचने के लिए क्वालिफायर-2 मुकाबला जीतना होगा।
मुल्लांपुर में मैच के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान बारिश की संभावना एक प्रतिशत है, जबकि आसमान में बादल छाए रहने की संभावना 50 प्रतिशत है। हालांकि, पंजाब और आरसीबी के साथ ही क्रिकेट प्रशंसक चाहेंगे कि बिना किसी रुकावट के मैच हो।


