नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हाल ही में संपन्न हुए आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के साथ बातचीत करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्यक्रम दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम करीब 4:30 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को संबोधित भी करेंगे।
85 पदकों के साथ भारत का एशियाई खेलों में अभियान समाप्त
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने कुल 85 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक अपने नाम किए। भारत लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में शीर्ष पांच देशों में शामिल रहा। हालांकि, इस बार भारतीय दल का प्रदर्शन पदकों की संख्या के लिहाज से पिछले संस्करण से पीछे रहा। वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियाई खेलों में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे।
501 भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में पेश की चुनौती
भारत ने इन खेलों के लिए कुल 501 खिलाड़ियों का दल भेजा था। इनमें से 310 खिलाड़ी पहली बार एशियाई खेलों में हिस्सा लेने पहुंचे थे। प्रधानमंत्री के साथ होने वाले इस कार्यक्रम में भारतीय दल के खिलाड़ी, उनके प्रशिक्षक और सहयोगी स्टाफ शामिल होंगे। इसके अलावा भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करेंगे और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से संवाद करेंगे।


