भोपाल। पब्लिक वाणी मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित स्वर्गीय श्री ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय टी-20 डे-नाईट क्रिकेट प्रतियोगिता मैं ओपन ग्रुप (सुपर नॉकआउट)’ मुकाबले में सीहोर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजगढ़ को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। विकास सस्त्या की नाबाद 79 रनों की मैच जिताऊ पारी के दम पर सीहोर ने 160 रनों का लक्ष्य महज 14.3 ओवर में हासिल कर लिया।
अंकित दांगी की आतिशी पारी भी राजगढ़ को नहीं दिला सकी जीत
इससे पहले राजगढ़ के कप्तान अंकित दांगी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। राजगढ़ ने अपने शुरुआती 6 विकेट महज 52 रनों के स्कोर पर गंवा दिए। इसके बाद कप्तान अंकित दांगी ने मोर्चा संभाला और महज 35 गेंदों पर 6 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 76 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को संभाला। उनके अलावा देवेंद्र यादव ने 19 और हरीश दांगी ने 13 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत राजगढ़ ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 159 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
सीहोर की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक वर्मा सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 48 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, सक्षम ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 17 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि विशांक शिंदे के खाते में भी 2 सफलताएं आईं।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीहोर की शुरुआत भी झटके के साथ हुई और पहले ही ओवर में उरेश भारती (1 रन) अंकित दांगी की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद कप्तान आदर्श राय (35 रन, 26 गेंद) और विकास सस्त्या ने दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर डाल दिया।
आदर्श राय के आउट होने के बाद क्रीज पर आए आदित्य अग्रवाल ने राजगढ़ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। विकास सस्त्या (नाबाद 79 रन, 43 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के) और आदित्य अग्रवाल (नाबाद 40 रन, 16 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) ने तीसरे विकेट के लिए अटूट साझेदारी करते हुए 14.3 ओवर में ही 160 रन बनाकर सीहोर को आसान जीत दिला दी। राजगढ़ की ओर से अंकित दांगी और योगेश यादव को 1-1 विकेट मिला। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए विकास सस्त्या को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एमपीसीए के मैच रेफरी के डी गुप्ता,वरिष्ठ क्रिकेटर अब्दुल ज़मील ख़ान और मोहम्मद शाहिद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कमेंट्रेटर ने प्रदान किया।
पठान क्रिकेट अकादमी ने रेलवे यूथ क्लब को 26 रनों से हराया
ओपन ग्रुप क्रिकेट टूर्नामेंट’ के सुपर नॉकआउट मुकाबले में कैप (Cap) ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए रेलवे यूथ को 26 रनों से पराजित किया।टॉस जीतकर रेलवे यूथ के कप्तान आदित्य ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैप की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 19.5 ओवर खेलकर 138 रन बनाए। कैप की ओर से सलामी बल्लेबाज मनन शर्मा (23 रन, 21 गेंद) और एच.के. शिवम (23 रन, 21 गेंद) ने पहले विकेट के लिए 51 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दी। मध्यक्रम में वेद वर्मा ने मात्र 17 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से तेजतर्रार 25 रन जोड़े, जबकि कप्तान अभय सिंह ने 22 रनों का योगदान दिया।
रेलवे यूथ की ओर से गेंदबाज ओम ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में 21 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके। इसके अलावा शिवम कार्तिक मुदलियार ने 3 और कप्तान आदित्य ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई रेलवे यूथ की पारी
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने मात्र 13 रनों के स्कोर पर अपने शीर्ष 4 विकेट गंवा दिए। कैप के कप्तान अभय सिंह ने शुरुआती झटके देते हुए तीन प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
हालांकि, मध्यक्रम में शिवम कार्तिक मुदलियार (36 रन, 39 गेंद) और कप्तान आदित्य (34 रन, 21 गेंद, 3 छक्के) ने पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन लक्षय शर्मा (3/24) और अभिषेक धनगर (2/10) की सटीक गेंदबाजी के सामने निचला क्रम टिक नहीं सका। पूरी टीम 18.1 ओवर में 112 रनों पर सिमट गई और कैप ने 26 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वेदांत सुपर किंग की रोमांचक जीत, फ्रेंड्स 11 को 4 विकेट से दी शिकस्त
(कॉर्पोरेट ग्रुप) के अंतर्गत खेले गए लीग मुकाबले में वेदांत सुपर किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स 11 को 4 विकेट से पराजित किया। ओल्ड चैंपियन ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में वेदांत सुपर किंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स 11 की टीम वेदांत सुपर किंग की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 17.3 ओवर में 105 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। फ्रेंड्स 11 की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज हातम यादव ने सर्वाधिक 30 रन (25 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) बनाए, जबकि विशाल कहार ने 12 गेंदों में 22 रनों की तेज पारी खेली। वेदांत सुपर किंग की तरफ से यश जांगिड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 19 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा अरविंद अज्जू ने 2 तथा राज सोनकर और सौरभ राजपूत ने 1-1 विकेट हासिल किया।
106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत सुपर किंग को सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। कप्तान सागर शुक्ला ने 22 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 38 रन तथा फैजल खान ने मात्र 13 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचायामध्यक्रम में फ्रेंड्स 11 के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। प्रजापति नमन (3 ओवर, 11 रन, 3 विकेट) और दीपक मालवीय (3.5 ओवर, 32 रन, 3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के चलते वेदांत सुपर किंग ने 73 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।अंत में अमान मोहम्मद खान (नाबाद 19 रन, 10 गेंद) और यश जांगिड़ (नाबाद 11 रन, 8 गेंद) ने धैर्य और आक्रामकता का परिचय देते हुए 11.5 ओवर में 6 विकेट खोकर टीम को जीत की दहलीज पार करा दी।


