प्रभसिमरन सिंह के तूफानी शतक से भारत ए की शानदार जीत, रियान पराग बने प्लेयर ऑफ द सीरीज़

0

कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक अनधिकृत वनडे में भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को दो विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज़ 2-1 से जीत ली। टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे प्रभसिमरन सिंह, जिन्होंने मात्र 68 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। वहीं, पूरे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन करने वाले रियान पराग को प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुना गया।  ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और पूरी पारी में 49.1 ओवर में 316 रन बनाए।

कप्तान जेक एडवर्ड्स ने 89 और लियन स्कॉट ने 73 रन की दमदार पारियां खेलीं। कूपर कॉनली ने भी 49 गेंदों पर 64 रन जोड़े। भारत ए की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि आयुष बदोनी ने दो विकेट लिए। जवाब में भारत ए ने 46 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रभसिमरन सिंह ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया, 8 चौके और 7 छक्के जड़े। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 62 रन और रियान पराग ने भी 62 रन की अहम पारियां खेलीं। तनवीर संघा और टॉड मर्फ़ी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए चार-चार विकेट झटके, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने उनका प्रयास नाकाम रहा। अंत में विप्रज निगम (24*) और अर्शदीप सिंह (7*) ने मिलकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ए ने सीरीज़ पर कब्जा किया और घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here