नई दिल्ली : भारत के 23 वर्षीय पैरा एथलीट प्रवीण कुमार ने एशियाई पैरा खेलों 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊंची कूद की टी64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रवीण ने फाइनल में 2.07 मीटर की छलांग लगाकर एशियाई पैरा खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा और शीर्ष स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा के फाइनल में चार खिलाड़ी उतरे थे, लेकिन प्रवीण ने अपनी दमदार छलांग के दम पर सभी को पीछे छोड़ते हुए भारत को स्वर्णिम सफलता दिलाई।
प्रवीण कुमार ने जहां हाई जंप T64 इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता तो वहीं इसी प्रतियोगिता में बंटी ने 1.92 मीटर की अपनी अब तक की बेस्ट छलांग लगाकर सिल्वर मेडल हासिल किया। यानी इस इवेंट में भारत के नाम गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल रहे। दोनों एथलीटों ने कमाल का प्रदर्शन किया और भारत के मेडल की संख्या को आगे बढ़ाने का काम किया।
प्रवीण कुमार ने फिर रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण पदक
प्रवीण कुमार कुमार का ये एशियन पैरा गेम्स में बैक-टू-बैक गोल्ड मेडल रहा। इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2022 में भी हाई जंप T64 में गोल्ड मेडल जीता था और उस वक्त वो सिर्फ 19 साल के थे। चार साल के बाद उन्होंने अपने खिताब को डिफेंड किया इस खेल में अपनी बादशाहत कायम रखी।
प्रवीण कुमार के नाम पर एक से बढ़कर एक उपलब्धि दर्ज है। उन्होंने 2024 पेरिस पैरालंपिक में स्वर्ण पदक और 2020 टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल जीतने का कमाल किया था। आपको बता दें कि प्रवीण कुमार उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की जेवर तहसील के गोविंदगढ़ गांव से हैं और उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर ये मुकाम हासिल किया।
राकेशभाई भट्ट ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया भारत का मान
भारतीय एथलीट राकेशभाई भट्ट ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर T37 फाइनल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने अपनी 100 मीटर की रेस को पूरी करने के लिए 11.50 सेकंड का समय निकाला और ये उनका अब तक का बेस्ट प्रदर्शन भी रहा।
पावरलिफ्टिंग में कस्तूरी का दम, भारत को दिलाया रजत पदक
भारत की महिला पावरलिफ्टर कस्तूरी राजामणि ने महिलाओं के 67 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। कस्तूरी ने अपने तीसरे और आखिरी प्रयास में 108 किलोग्राम वजन उठाया जिससे वह दूसरे स्थान पर आ गईं। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी किम ह्योंगहुई अपने आखिरी प्रयास में चूक गईं और 107 किलोग्राम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। उज्बेकिस्तान की रुखशोना उक्तामोवा ने 127 किलोग्राम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल जीता।
भाग्यश्री जाधव ने शॉट पुट एफ-34 में जीता रजत, बढ़ाया देश का मान
2026 एशियन पैरा गेम्स में भारतीय एथलीटों का मेडल जीतने का सिलसिला जारी है और अब इस लिस्ट में भाग्यश्री जाधव का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने 8.19 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ महिलाओं के शॉट पुट F34 इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है जो उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन भी है।
मनजीत का शानदार प्रदर्शन, जैवलिन थ्रो में भारत को रजत
मनजीत ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F12/13 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने फाइनल में 61.41 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।
गोला फेंक में भारत की सुनहरी सफलता, तीनों पदक देश के नाम
सचिन सर्जेराव खिलारी ने पुरुषों के शॉट पुट F46 इवेंट में नया एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। मोहम्मद यासिर ने अपने तीसरे राउंड में 15.06 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि परवीन ने 14.94 मीटर की थ्रो के साथ तीसरा स्थान पाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। यानी पुरुषों के शॉट पुट F46 इवेंट में तीनों मेडल भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहे।


