-
19 नवंबर को होगा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण, मंत्री श्री सारंग ने अंतरराष्ट्रीय आयोजन के व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा, ब्रॉडकास्टिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा, अतिथि सत्कार और शहर की ब्रांडिंग पर दिया विशेष जोर
भोपाल (NST NEWS)।19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित होने वाली महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, हॉकी इंडिया तथा मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री श्री सारंग ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने और आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के निर्देश दिए।
19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का होगा लोकार्पण
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि 19 नवंबर को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के शुभारंभ के अवसर पर नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह मध्यप्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित यह खेल परिसर प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकार्पण समारोह से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं होंगी मजबूत
मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए की प्रतियोगिता के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को ध्यान में रखते हुए ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट कनेक्टिविटी, तकनीकी संसाधनों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मैचों का प्रसारण निर्बाध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी, तकनीकी उपकरणों, कैमरा प्लेटफॉर्म और अन्य आवश्यक संसाधनों की समय रहते व्यवस्था की जाए। आयोजन के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रभावी कंट्रोल रूम तैयार करने के भी निर्देश दिए।
भोपाल में होगी भव्य सिटी ब्रांडिंग, प्रमुख मार्गों पर दिखेगा हॉकी का उत्सव
मंत्री श्री सारंग ने महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल में सिटी ब्रांडिंग की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर स्क्वायर ब्रांडिंग, कटआउट, होर्डिंग, रूट ब्रांडिंग और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए पूरे शहर को हॉकीमय बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि भोपाल के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थल के आसपास प्रतियोगिता की आकर्षक ब्रांडिंग की जाए, जिससे शहरवासियों में आयोजन को लेकर उत्साह और सहभागिता का वातावरण बने।
उद्घाटन समारोह और 19 नवंबर के आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा
मंत्री श्री सारंग ने आयोजन स्थल पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, मंच, पार्किंग, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, वेन्यू ब्रांडिंग और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि दर्शकों, खिलाड़ियों, अतिथियों और विशिष्ट व्यक्तियों के लिए अलग-अलग एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। आयोजन स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
एयरपोर्ट पर अतिथियों का स्वागत और आमंत्रण-पत्र वितरण की बनेगी व्यवस्थित कार्ययोजना
मंत्री श्री सारंग ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों, खिलाड़ियों और अन्य आमंत्रित व्यक्तियों के स्वागत एवं सत्कार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत काउंटर स्थापित करने तथा अतिथियों के आगमन पर समुचित स्वागत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आमंत्रण-पत्र वितरण, वीआईपी एवं वीवीआईपी अतिथियों की सूची, परिचय-पत्र, आईडी एवं पास जारी करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा।
प्रत्येक मैच के लिए दर्शकों और मुख्य अतिथियों की बनेगी अलग कार्ययोजना
मंत्री श्री सारंग ने उद्घाटन समारोह सहित प्रतियोगिता के सभी मैचों के लिए दर्शकों की व्यवस्था और अतिथियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मैच के लिए मुख्य अतिथि निर्धारित करने, दर्शकों की संख्या एवं बैठने की व्यवस्था का आकलन करने और अन्य मैचों के लिए दर्शकों की उपस्थिति एवं रोस्टर तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए रूट साइनेज, पार्किंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्था प्रभावी बनाई जाए।
लाइटिंग, कैमरा प्लेटफॉर्म और वीआईपी बैठक व्यवस्था पर विशेष जोर
मैचों के सुचारु आयोजन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री सारंग ने पर्याप्त लाइटिंग, कैमरा प्लेटफॉर्म, वीआईपी बैठक व्यवस्था, रूट साइनेज और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की प्रत्येक छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों, अतिथियों और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


