U-22 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रेसिडेंट इलेवन, राजगढ़ और मयंक अकादमी की जीत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित U-22 इंटर क्लब/अकादमी बॉयज क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को तीन मैच खेले गए। बाबे अली मैदान, रातीबड़ और ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर हुए मुकाबलों में प्रेसिडेंट इलेवन, राजगढ़ और मयंक चतुर्वेदी अकादमी ने शानदार जीत दर्ज की। पहला मैच बाबे अली मैदान पर राजगढ़ और फेथ क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। फेथ क्लब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। राजगढ़ ने 49.5 ओवर में 266 रन बनाए। टीम की ओर से किंशुक श्रीवास ने दमदार 139 रन की पारी खेली और दिव्यांश साहू ने 47 रन जोड़े। फेथ क्लब की ओर से आदर्श यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 6 विकेट लिए। अनंत और अक्षत को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए फेथ क्लब 40.4 ओवर में 230 रन बनाकर ऑल आउट हो गया। ऋषि रैकवार ने 100 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि वरुण तिवारी ने 58 रन का योगदान दिया। राजगढ़ की ओर से हर्षित और हरीश दांगी ने 3-3 विकेट लिए। राजेश ने 1 विकेट लिया। राजगढ़ ने यह मैच 36 रन से जीता। दूसरा मैच फेथ क्रिकेट मैदान रातीबड़ पर वीएस क्रिकेट अकादमी और प्रेसिडेंट इलेवन के बीच खेला गया। वीएस अकादमी पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.4 ओवर में 31 रन पर सिमट गई। मोहम्मद आसिफ ने 14 रन बनाए। प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से शिवांश चतुर्वेदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट हासिल किए, जबकि नीरज ग्रोवर ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन ने 5 ओवर में 1 विकेट पर 34 रन बनाकर मैच जीत लिया। आदित्य राज तोमर ने नाबाद 18 रन बनाए। वीएस अकादमी से सनी गुप्ता ने एकमात्र विकेट लिया। प्रेसिडेंट इलेवन ने मुकाबला 9 विकेट से जीता। तीसरा मैच ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर मयंक चतुर्वेदी अकादमी और अंकुर क्रिकेट अकादमी के बीच हुआ। अंकुर अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 9 विकेट पर 152 रन बनाए। रूद्र प्रताप सिंह तोमर ने नाबाद 39 रन और अमित शुक्ला ने 30 रन जोड़े।

मयंक अकादमी की ओर से हर्ष और मोनू सिंह ने 2-2 विकेट लिए। ऋषभ, अर्णव और निश्चय को एक-एक विकेट मिला। जवाब में मयंक अकादमी ने 42 ओवर में 6 विकेट पर 155 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अदम्य पचौरी ने नाबाद 34 रन और अक्षत बाजपेई ने 30 रन बनाए। अंकुर अकादमी से तन्मय पांडे और रूद्र प्रताप सिंह ने 2-2 विकेट लिए। इस तरह तीनों मैदानों पर हुए मुकाबलों में प्रेसिडेंट इलेवन, राजगढ़ और मयंक चतुर्वेदी अकादमी विजेता रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here