एनएसटी न्यूज, भोपाल। ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए मैच में भोपाल क्रिकेट अकादमी ने रेलवे यूथ क्लब को 4 विकेट से हराया। प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी समूह द्वारा किया जा रहा है। रेलवे यूथ क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 49.3 ओवर में 183 रन बनाकर ऑल आउट हो गया। टीम की ओर से आदित्य अहिरवार ने सबसे अधिक 56 रन की पारी खेली। अंजेश पाल ने 27, जबकि आदिब खान ने 36 रन का योगदान दिया। अनुराग यादव ने 16 और संस्कार सिंह ने 15 रन बनाए। भोपाल क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में सरजन सबसे सफल रहे, उन्होंने 4 विकेट हासिल किए। दिनेश ने 2 विकेट लिए, जबकि सूरज, अमन शुक्ला, प्रथू और हर्ष तिवारी ने एक-एक विकेट लिया।
184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भोपाल क्रिकेट अकादमी की शुरुआत धीमी रही, लेकिन टीम के मध्यक्रम ने मैच को संभाल लिया। प्रथू चतुर्वेदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सचिन ने 51 रन की अहम पारी खेली। रोशन और सरजन ने 17-17 रन जोड़े। टीम ने 45 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम किया। रेलवे यूथ क्लब की ओर से संस्कार ने 3 विकेट लिए, जबकि अंजेश पाल, दिव्यांश और ओम ठाकुर को एक-एक विकेट मिला।
शानदार प्रदर्शन के लिए प्रथू चतुर्वेदी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आज का मैच
राजगढ़ जिला क्रिकेट संघ बनाम भोपाल क्रिकेट अकादमी
प्रातः 9 बजे, ओल्ड कैम्पियन मैदान


