नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन में पृथ्वी शॉ ने कप्तानी पारी खेलते हुए महाराष्ट्र को जीत दिलाई, वहीं बिहार को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। महाराष्ट्र और बिहार के बीच खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी ने नाबाद 108 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी बेकार साबित हुई। इसी तरह, बड़ोदा और पंजाब के बीच हुए मुकाबले में हार्दिक पंड्या की शानदार पारी ने बड़ोदा को 7 विकेट से जीत दिलाई, जबकि अभिषेक शर्मा और अनमोलप्रीत सिंह की पारी रंग नहीं ला सकी।
पृथ्वी शॉ ने महाराष्ट्र के लिए खेली कप्तानी पारी
बिहार और महाराष्ट्र के बीच खेले गए मैच में बिहार को पहले बैटिंग का मौका मिला और इस टीम ने वैभव की शतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 3 विकेट पर 176 रन बनाए। इसके जवाब में महाराष्ट्र ने 19.1 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन बनाते हुए मैच को 3 विकेट से जीत लिया। महाराष्ट्र के कप्तान पृथ्वी शॉ ने इस मुकाबले में 30 गेंदों पर एक छक्का और 11 चौकों की मदद से 66 रन की बेहतरीन पारी खेली और मैन ऑफ द मैच भी बने।
हार्दिक पंड्या ने दिखाई दमदार वापसी, अभिषेक शर्मा की पारी बेकार रही
पंजाब और बड़ोदा के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला हुआ, लेकिन पंजाब की टीम को जीत नहीं मिल पाई। इस मैच में पंजाब ने कप्तान अभिषेक शर्मा की 19 गेंदों पर 50 रन की पारी साथ ही अनमोलप्रीत सिंह की 32 गेंदों पर 69 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन बड़ोदा ने जीत के लिए मिले 223 रन का टारगेट को चेज कर लिया।
बड़ोदा ने 19.1 ओवर में 3 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच को 7 विकेट से जीत लिया। इस जीत में हार्दिक पंड्या की बल्लेबाजी ने अहम योगदान दिया, जिन्होंने चोट के बाद मैदान पर वापसी करते हुए 42 गेंदों में 4 छक्के और 7 चौकों की मदद से नाबाद 77 रन बनाए। इसके अलावा विष्णु सोलंकी ने 43 रन, शास्वत रावत ने 31 रन और शिवालिक शर्मा ने 47 रन की शानदार पारी खेली। इस मैच में शिवालिक शर्मा रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर गए।


