एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एम. वाय. मेमोरियल ट्रॉफी सीनियर बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार को फैथ मैदान, भोपाल में हुआ। चार दिवसीय इस मुकाबले में भोपाल डिवीजन ने जबलपुर डिवीजन के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भोपाल डिवीजन ने 90 ओवर में 5 विकेट पर 370 रन बना लिए। टीम की ओर से पृथ्वीराज तोमर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 191 रन की पारी खेली। उनके साथ अरहम अकील ने 89 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 258 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। तनिष्क यादव 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। जबलपुर डिवीजन की ओर से अंचित ठाकुर ने 3 विकेट और पारुश मंडल ने 2 विकेट लिए। मैच का दूसरा दिन शनिवार को खेला जाएगा।

