नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होगा। इस अहम मुकाबले से पहले अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालें, तो मौजूदा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इस सूची में शीर्ष स्थान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस सूची में रविंद्र जडेजा ने शतकों के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है। वहीं पूर्व कप्तान रोहित शर्मा सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं, जो WTC में उनके लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन को दर्शाता है।
WTC में गिल नंबर-1, रोहित शर्मा दूसरे स्थान पर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की ओर से अब तक सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड मौजूदा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के नाम है। गिल ने 40 टेस्ट मैचों में 10 शतक जड़े हैं और इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 269 रन रहा है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने WTC में भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस सूची में दूसरे स्थान पर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने भी WTC में 40 मैच खेले, जिनमें उनके बल्ले से 9 शतक निकले। इस दौरान उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 212 रन रहा। WTC में रोहित की कई बड़ी पारियों ने भारत को महत्वपूर्ण जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारतीय टीम के मौजूदा ओपनर यशस्वी जायसवाल हैं। यशस्वी ने अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कुल 28 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 7 शतक लगाने का कमाल किया है और उनका बेस्ट स्कोर अब तक का नाबाद 214 रन रहा है। इस सूची में केएल राहुल और ऋषभ पंत दोनों संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर 6-6 शतक के साथ मौजूद हैं। केएल राहुल ने 33 मैचों में इतने शतक लगाए हैं जबकि पंत ने 40 मैचों में 6 शतक लगाए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में केएल राहुल का बेस्ट स्कोर 137 रन रहा है जबकि पंत का बेस्ट स्कोर 146 रन है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर विराट कोहली और रविंद्र जडेजा संयुक्त रूप से मौजूद हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अब तक 5-5 शतक लगाए हैं। विराट ने 46 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि जडेजा ने 48 मुकाबलों में पांच शतक जड़े। WTC में कोहली का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 254 रन रहा है, जबकि जडेजा की सर्वश्रेष्ठ पारी नाबाद 175 रन की है। इस सूची में मयंक अग्रवाल छठे स्थान पर हैं, जबकि अजिंक्य रहाणे सातवें और रविचंद्रन अश्विन आठवें स्थान पर काबिज हैं। इन खिलाड़ियों ने भी WTC के दौरान भारत की कई यादगार जीतों में अहम योगदान देते हुए अपने नाम महत्वपूर्ण शतक दर्ज किए हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप-8 बैटर
शुभमन गिल- 10 शतक
रोहित शर्मा- 9 शतक
यशस्वी जायसवाल- 7 शतक
केएल राहुल- 6 शतक
ऋषभ पंत- 6 शतक
रविंद्र जडेजा- 5 शतक
विराट कोहली- 5 शतक
मयंक अग्रवाल- 4 शतक
अजिंक्य रहाणे-3 शतक
आर अश्विन- 2 शतक


