राहुल गुप्ता ने स्थापित किया एक और कीर्तिमान, ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजिअस्को में फहराया तिरंगा

0

नई दिल्ली: दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट फतह करने वाले राहुल गुप्ता ने अब एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। माउंटेन मैन के नाम से प्रसिद्ध राहुल गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2024 को ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजिअस्को में तिरंगा फहराया। राहुल गुप्ता ने माउंट कोजिअस्को की चोटी से देश और छत्तीसगढ़ की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘आज माउंट कोजिअस्को की चोटी पर छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया का भी नारा लगाया।’ राहुल गुप्ता ने वीडियो संदेश में कहा कि यह उनके लिए गौरव का पल है कि वह यहां तक का सफर तय कर पाए। इस सफलता का श्रेय उन्होने छत्तीसगढ़ की जनता को दिया है।

11 पर्वतारोही अभियान में हुए शामिल
बता दें कि राहुल गुप्ता ने दिल्ली के मिशन पॉसिबल की ओर से आयोजित अभियान के हिस्से के तहत माउंट कोजिअस्को की चोटी फतह की है। इस अभियान में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुल 11 पर्वतारोही शामिल थे। अभियान का नेतृत्व हरियाणा के नरेंद्र यादव ने किया। पर्वतारोहण की शुरुआत भारतीय समयानुसार 14 अगस्त की रात 2 बजे लास्ट कैम्प से की गई और सुबह साढ़े 9 बजे के करीब चोटी पर पहुंचने की सफलता हासिल की।

इस दौरान तापमान लगभग -4 से -5 डिग्री सेल्सियस के बीच था। राहुल गुप्ता ने अभियान शुरू करने से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और उन्हें ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी कोजिअस्को पर चढ़ाई करने के बारे में बताया था। माउंट कोजिअस्को की यह चोटी 2228 मीटर ऊंची और विश्व की सातवीं सबसे बड़ी पर्वत शृंखला है। राहुल गुप्ता ने 14 मई 2018 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here