वर्ल्ड कप में बारिश का साया: श्रीलंका-पाकिस्तान मैच बेनतीजा, कोलंबो में 5वां मुकाबला बर्बाद

0

कोलंबो। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला राउंड रॉबिन मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और बेनतीजा समाप्त हुआ। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में लगातार हो रही बारिश के कारण टॉस भी तीन घंटे की देरी से हो पाया। टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम सिर्फ 4.2 ओवर ही खेल सकी और उसके बाद फिर से तेज बारिश शुरू हो गई। मुनीबा अली (7 रन) और ओमइमा सोहेल (9 रन) ही क्रीज पर थीं। बारिश इतनी तेज थी कि आगे का खेल शुरू करना संभव नहीं हो पाया, जिसके बाद मैच को रद्द कर दिया गया। यह मैच दोनों टीमों के लिए सिर्फ औपचारिकता था, क्योंकि श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों ही टीमें टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी थीं। पाकिस्तान की टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत सकी। टीम 4 हार और 3 बेनतीजा मैचों के साथ पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। वहीं, श्रीलंका एक जीत, 3 हार और 3 बेनतीजा मैचों के साथ पांचवें पायदान पर रही। कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम इस वर्ल्ड कप के लिए बिल्कुल भी भाग्यशाली साबित नहीं हुआ। बारिश की वजह से यह यहाँ पांचवाँ मैच था जो पूरा नहीं हो पाया। सबसे पहले 4 अक्टूबर को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच बिना एक भी बॉल फेंके रद्द हो गया था। उसके बाद से लगातार चार मैच बेनतीजा रहे हैं, जिससे इस बड़े टूर्नामेंट का मजा किरकिरा हुआ है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here