भारतीय बैडमिंटन में रक्षिता का जलवा, तन्वी को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

0

नई दिल्ली : कोरिया मास्टर्स 2026 के क्वार्टर फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में रक्षिता रामराज ने हमवतन तन्वी शर्मा को हराकर बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर उनके शानदार सफर को रोक दिया। आसन यी सन-सिन जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में रक्षिता ने तन्वी को कड़े संघर्ष के बाद 21-18, 19-21, 19-21 से मात दी।

पहला गेम जीतने के बाद तन्वी मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाती नजर आईं और एक और सेमीफाइनल में जगह बनाने की ओर बढ़ रही थीं। लेकिन रक्षिता ने शानदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। अंतिम गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें रक्षिता ने धैर्य बनाए रखते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ उन्होंने तन्वी के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 4-0 कर लिया।

अब सेमीफाइनल में रक्षिता रामराज का सामना एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अश्मिता चालिहा से होगा। अश्मिता ने क्वार्टर फाइनल में टॉप सीड हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई। हालांकि, कोरिया मास्टर्स 2026 में महिला डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है।

महिला डबल्स में सोनाली सिंह और रितिका ठाकर का कोरिया मास्टर्स 2026 का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। भारतीय जोड़ी को सातवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी सुमिरे नाकाडे और मियू ताकाहाशी के खिलाफ 21-15, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा।

मिक्स्ड डबल्स में भी भारत को निराशा हाथ लगी। छठी वरीयता प्राप्त ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की जोड़ी दक्षिण कोरिया के शिन ताए-यांग और किम यू-जंग से तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-16, 16-21, 21-13 से हार गई।

हालांकि, पुरुष डबल्स में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्णा प्रसाद गरागा की जोड़ी से भारतीय उम्मीदें कायम हैं। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका मुकाबला मलेशिया की जोड़ी मैन वेई चोंग और सोह वूई यिक से होगा। दुनिया में 118वीं रैंकिंग वाली रॉय-गरागा जोड़ी ने इससे पहले टूर्नामेंट के पहले दौर में बड़ा उलटफेर करते हुए थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी वोरापोल थोंगसा-न्गा और चालोएमपोन चारोएनकितामोर्न को हराया था।

इससे पहले महिला एकल में अनमोल खर्ब का अभियान प्री-क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। उन्हें वियतनाम की ओलंपियन वू थी ट्रांग के खिलाफ कड़े मुकाबले में 23-21, 15-21, 21-18 से हार मिली। पुरुष डबल्स के पहले दौर में अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु को दूसरी वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई जोड़ी चोई सोल ग्यू और गोह वी शेम ने 21-3, 21-10 से हराया। वहीं महिला डबल्स में प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को जापान की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी रिरीना हिरामोतो और कोकोना इशिकावा ने 21-15, 21-13 से मात दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here