भुवनेश्वर में जीते स्वर्ण के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकीं
एनएसटी न्यूज, भोपाल। मप्र की युवा एथलीट रंजना यादव ने बहरीन में जारी तीसरे एशियन यूथ गेम्स में देश के लिए रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता 23 से 26 अक्टूबर 2025 तक चल रही है। पहले दिन हुई 5000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में रंजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 मिनट 25.88 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन ने भारत को खेलों के पहले दिन ही पदक दिला दिया। इससे पहले इसी महीने भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रंजना ने 3000 मीटर रेस वॉक में स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दो प्रतियोगिताओं में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन उनके समर्पण और मेहनत को दर्शाता है। रंजना पिछले दो वर्षों से अकादमी के मुख्य कोच एस. के. प्रसाद के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच प्रसाद ने कहा कि रंजना का प्रदर्शन आने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में रंजना भारत के लिए और भी कई पदक जीतेंगी।


