Ranji Trophy: अगले मैच के लिए ऐसी हो सकती है मुंबई की प्लेइंग इलेवन

0

नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी 2024-25 के दूसरे लेग के पहले ही मुकाबले में मुंबई को जम्मू-कश्मीर के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब रणजी के इस सीजन का आखिरी लीग मुकाबला मुंबई को मेघालय के खिलाफ खेलना है जिसकी शुरुआत 30 जनवरी से होगी। मेघालय के खिलाफ होने वाले इस मैच में अजिंक्य रहाणे की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी नहीं खेलेंगे जो पिछले मैच का हिस्सा थे।

जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हुए मैच में मुंबई की तरफ से रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे खेलते हुए नजर आए थे, लेकिन ये सभी खिलाड़ी मेघालय के खिलाफ नहीं खेलेंगे। श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल 6 फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले वनडे सीरीज में भारत के लिए खेलेंगे और ये तीनों खिलाड़ी इस सीरीज की तैयारी के लिए मुंबई के लिए अगले मैच में नहीं खेलेंगे तो वहीं शिवम दुबे को भारतीय टी20 टीम में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे 5 मैचों की टी2- सीरीज के लिए शामिल किया गया है।

मेघालय के खिलाफ अब रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे के नहीं खेलने की स्थिति में मुंबई की प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि मेघालय के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम के खिलाफ मुंबई जीत हासिल करके रणजी के अगले चरण में बढ़ने की कोशिश करेगी। मुंबई इस वक्त एलीट ग्रुप ए में 22 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है। मुंबई को आगे बढ़ने के लिए किसी भी हाल में इस मैच को जीतना ही होगा।

अंगकृष और आयुष कर सकते हैं ओपनिंग 

रोहित और यशस्वी के जाने के बाद अब मुंबई के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी एक बार फिर से अंगकृष रघुवंशी और आयुष महात्रे संभाल सकते हैं तो वहीं सिद्धेश लाड तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे चौथे नंबर पर जबकि टीम के युवा घाकड़ बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे पांचवें नंबर पर हो सकते हैं। टीम के विकेटकीपर आकाश आनंद छठे नंबर पर हो सकते हैं जबकि इसके बाद शार्दुल ठाकुर हो सकते हैं जिन्होंने पिछले मैच में अर्धशतक और शतक लगाया था। शार्दुल गेंदबाजी भी करते हैं और उनका साथ निभाते हुए रॉयस्टन डायस, मोहित अवस्थी, अथर्व अंकोलेकर नजर आ सकते हैं।

मेघालय के खिलाफ मुंबई की संभावित प्लेइंग इलेवन

अंगकृष रघुवंशी, आयुष म्हात्रे, सिद्धेश लाड, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, आकाश आनंद (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, शार्दुल ठाकुर, रॉयस्टन डायस, मोहित अवस्थी, अथर्व अंकोलेकर।

मेघालय के खिलाफ मुंबई की टीम

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, अमोघ भटकल, सिद्धेश लाड, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शार्दुल ठाकुर, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा , रॉयस्टन डायस, श्रेयस गुरव, अथर्व अंकोलेकर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here