राशिद खान ने माना – सर्जरी के बाद जल्द वापसी करना थी ‘बहुत बड़ी गलती’

0

जयपुर. अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर Rashid Khan ने स्वीकार किया है कि पिछले साल बैक सर्जरी के बाद जल्द मैदान पर लौटना उनकी “बहुत बड़ी गलती” थी। हालांकि अब आईपीएल 2026 में वह फिर से अपनी पुरानी लय में नजर आ रहे हैं और गुजरात टाइटंस के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन कर रहे हैं।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए राशिद ने 4 विकेट लेकर गुजरात टाइटंस को 77 रन की बड़ी जीत दिलाई। आईपीएल 2025 में खराब प्रदर्शन के बाद राशिद ने इस सीजन दमदार वापसी की है। पिछले सीजन उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे, जबकि इस बार 11 मैचों में 15 विकेट हासिल कर चुके हैं।

राशिद खान ने मैच के बाद कहा,
“जब मेरी सर्जरी हुई थी, तब मैंने सिर्फ दो महीने बाद मैदान पर वापसी कर ली थी। यह मैंने बहुत जल्दबाजी में किया और मुझे लगता है कि वह मेरी बहुत बड़ी गलती थी। लेकिन मुझे अफगानिस्तान के लिए वापस आकर मैच खेलने थे।”

उन्होंने आगे कहा कि आईपीएल 2025 के बाद उन्होंने खुद को पूरी तरह फिट करने पर ध्यान दिया।
“पिछले आईपीएल के बाद मैंने दो-तीन महीने पूरा आराम किया। मैंने अपनी फिटनेस और खासकर अपनी पीठ पर काफी मेहनत की। मुझे महसूस हुआ कि गेंदबाजी के दौरान मेरी जो लय थी, वह गायब हो गई थी। बाद में मैंने लगातार अभ्यास किया और फिर धीरे-धीरे मेरी रिद्म वापस आ गई।”

जयपुर में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने तेज शुरुआत की थी और सात ओवर तक 86 रन बना लिए थे। इसके बाद राशिद खान गेंदबाजी करने आए और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अपने पहले ही ओवर में उन्होंने ध्रुव जुरेल और डोनोवन फरेरा को बोल्ड कर राजस्थान की रनचेज़ को झटका दिया।

राशिद ने कहा, “पहली गेंद डालते ही मुझे महसूस हो गया था कि पिच से मुझे मदद मिल रही है। मेरा पूरा ध्यान सही लाइन और लेंथ पर था। मैं गति में बदलाव कर रहा था और स्टंप्स को निशाना बना रहा था। अगर आप स्टंप्स से हटते हैं तो बल्लेबाज के लिए रन बनाना आसान हो जाता है।”

डोनोवन फरेरा का विकेट खास रहा। राशिद ने बताया कि उन्होंने पहले से ही उस गेंद की कल्पना कर ली थी।
“मैंने वह दृश्य पहले ही अपने दिमाग में बना लिया था। मुझे लगा अगर गेंद सही जगह पड़ी तो विकेट मिलेगा। जैसे ही गेंद हाथ से निकली, मुझे पता चल गया था कि यह काम करेगी।” राशिद खान ने मैच में शुभम दुबे और रविंद्र जडेजा के विकेट भी लिए और 4/33 के आंकड़े के साथ गुजरात टाइटंस की शानदार जीत पक्की कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here