नई दिल्ली: इंग्लैंड में इन दिनों वहां का सबसे लोकप्रिय लीग द हंड्रेड के पांचवें सीजन का आयोजन किया जा रहा है। इस सीजन की शुरुआत लंदन स्पिरिट और ओवल इनविंसिबल्स के बीच खेले गए मुकाबले से हुई। इस मैच में इनविंसिबल्स के लिए अपने डेब्यू मैच में राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट अपने नाम किए। इन तीन विकेटों के साथ वह टी-20 क्रिकेट में 650 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। यह उपलब्धि अब तक कोई और गेंदबाज हासिल नहीं कर पाया है, जिससे राशिद ने एक बार फिर अपने बेहतरीन प्रदर्शन से नया इतिहास रच दिया।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने राशिद
टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो वहां राशिद खान का नाम टॉप पर है। उन्होंने अब तक 482 मैचों में 651 विकेट चटकाए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो हैं, जिन्होंने 582 मैचों में 631 विकेट लिए। उनके बाद तीसरे नंबर पर सुनील नरेन हैं, जिनके नाम 554 मैचों में 589 विकेट दर्ज हैं। चौथे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर हैं, जिन्होंने 547 विकेट लिए हैं। वहीं, पांचवें स्थान पर बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं, जिन्होंने 498 विकेट अपने नाम किए हैं।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
651 – राशिद खान
631 – ड्वेन ब्रावो
589 – सुनील नरेन
547 – इमरान ताहिर
498 – शाकिब अल हसन
चोट के बाद दमदार वापसी कर रहे हैं राशिद खान
राशिद खान की बात करें तो आईपीएल 2025 के बाद यह उनका पहला मुकाबला था। गुजरात टाइटंस के लिए खेलने के बाद उन्होंने क्रिकेट से कुछ समय के लिए ब्रेक लिया था। इस दौरान उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं लिया। दरअसल, राशिद ने यह फैसला भविष्य के लिए खुद को फिट और फ्रेश रखने के मकसद से लिया था। अब जब उन्होंने मैदान पर वापसी की है, तो अपने कमबैक मैच में ही शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह क्यों दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
गेंदबाजों के दम पर ओवल इनविंसिबल्स की शानदार शुरुआत
द हंड्रेड के इस मुकाबले में राशिद खान ने लंदन स्पिरिट के वेन मेडसेन, रेयान हिगिंस और लियाम डॉसन को पवेलियन भेजते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया। उनके साथ सैम करन ने भी जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। इन दोनों की घातक गेंदबाजी के चलते लंदन स्पिरिट की पूरी टीम महज 80 रन पर सिमट गई। इसके बाद ओवल इनविंसिबल्स ने 81 रन के आसान लक्ष्य को 4 विकेट गंवाकर हासिल करते हुए मैच पर एकतरफा जीत दर्ज की।

