नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर रवि शास्त्री ने भारत के टॉप 5 वनडे क्रिकेटर्स की सूची का चयन किया है। इस लिस्ट में रोहित शर्मा को पांचवां स्थान मिला है, जबकि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को दूसरे नंबर पर रखा गया है। सबसे ऊपर, यानी पहले नंबर पर शास्त्री ने विराट कोहली को स्थान दिया है, जिन्होंने लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
रवि शास्त्री ने विराट कोहली को टॉप वनडे खिलाड़ी चुना
भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के दौरान रवि शास्त्री ने भारत के टॉप 5 वनडे बैट्समैन का चयन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि वह अपनी सूची में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा को शामिल करेंगे। शास्त्री ने कोहली और रोहित के बारे में बताते हुए कहा कि ये खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम दौर में हैं, लेकिन दोनों ने एक दशक से अधिक समय तक भारतीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जबकि कुछ खिलाड़ियों ने डेढ़ दशक से भी ज्यादा वक्त तक अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाई।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मेरे लिए टॉप 5 का चयन करना मुश्किल है क्योंकि जब आप पीछे मुड़कर देखते हैं तो आप जानते हैं कि वहां पर बहुत सारे बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन कोहली मेरे लिए सबसे अलग हैं। भारत के पूर्व मुख्य कोच ने आगे कहा कि उन्होंने जिन क्रिकेटरों को अपनी लिस्ट में चुना है, उन्होंने भारतीय क्रिकेट में शानदार योगदान दिया है। आप जानते हैं उन्होंने शानदार योगदान दिया है दो विश्व कप कप्तान भी हैं, जिन्होंने विश्व कप भी जीता है।
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि रोहित शर्मा भी एक शानदार खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक बनाए हैं और 11,000 से अधिक रन हासिल किए हैं। उन्हें इस टॉप 5 सूची से बाहर नहीं रखा जा सकता। शास्त्री ने यह भी कहा कि जिन खिलाड़ियों का उन्होंने चयन किया है, वे सभी अपने दिन पर असली मैच विजेता हैं और पूरी दुनिया उन्हें जानती है।


