नई दिल्ली: IPL 2025 के फाइनल मैच में मंगलवार 3 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीमें भिड़ेंगी और 17 साल का खिताबी सूखा खत्म करना चाहेंगी। पंजाब किंग्स को लीग चरण की तालिका में शीर्ष पर रहने के बावजूद फाइनल तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता (क्वालिफायर 1 हारने के बाद क्वालिफायर 2 खेलना पड़ा) तय करना पड़ा। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2025 के प्लेऑफ के क्वालिफायर 1 में श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम को मात देकर सीधे फाइनल का टिकट कटाया। यह जीत फाइनल मुकाबले में भी उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी।
लीग चरण में सभी सातों अवे मैचजीतने वाली पहली टीम
यह भी सच है कि फाइनल में पहुंचने वाली इन दोनों टीमों का लीग चरण में भी शानदार प्रदर्शन रहा है। रजत पाटीदार की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बाहरी परिस्थितियों में बेदाग प्रदर्शन किया। वह एक संस्करण के लीग चरण में सभी सातों अवे मैच (विपक्षी टीम के मैदान पर) जीतने वाली पहली टीम बन गई।
लगातार 2 मैच नहीं हारी पंजाब
पंजाब किंग्स भी पूरे टूर्नामेंट में लगातार 2 मैच नहीं हारी। श्रेयस अय्यर की टीम की इस खूबी ने उन्हें पिछले गुरुवार यानी 29 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से मिली हार को जल्दी पीछे छोड़ने और रविवार 1 जून को क्वालिफायर 2 में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराने में सक्षम बनाया।
मैच का लाइव स्ट्रीमिंग विवरण
यहां आईपीएल 2025 फाइनल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, टेलीकास्ट जानकारी, मैच टाइमिंग तथा मोबाइल, टीवी या ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर मुकाबला देखने की पूरी डिटेल दी गई हैं। इसके अलावा कुछ रोचक फैक्ट भी दिये गए हैं।
IPL 2025 फाइनल: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स।
दिनांक: 03 जून 2025
टॉस का समय: भारतीय समयानुसार शाम 07:00 बजे।
मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार शाम 07:30 बजे।
मैच स्थल: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद।
कहां LIVE देख सकते हैं: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स मैच का प्रशंसक भारत में टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म पर लाइव एक्शन देख सकते हैं।
टीवी पर LIVE टेलीकास्ट: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स मैच की कमेंट्री अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में उपलब्ध रहेगी।
ऑनलाइन LIVE स्ट्रीमिंग: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स मैच को JioHotstar ऐप पर लाइव स्ट्रीम किया जा सकता है, यह कई भाषा विकल्पों और कैमरा एंगल के साथ 4K रिजॉल्यूशन में उपलब्ध होगा। इस पर लाइव आंकड़े, विशेषज्ञ कमेंट्री भी उपलब्ध होगी।
RCB vs PBKS Facts
- ऑपरेशन सिंदूर के कारण IPL 2025 में ब्रेक के बाद अर्शदीप सिंह की फॉर्म में गिरावट आई है। पिछले पांच में से 4 मैच में उन्हें विकेट नहीं मिला है। आरसीबी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड (10 मैच में 8 विकेट) और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में (4 मैच में 3 विकेट) भी बहुत अच्छा नहीं है।
- रजत पाटीदार ने इस सीजन की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद वह लय बरकरार नहीं रख पाए। उन्होंने पहले 4 मैच में 161 रन बनाए। बाद की 9 पारियों में 125 रन ही बना पाए।
- श्रेयस अय्यर 6 आईपीएल पारियों में जोश हेजलवुड की गेंद पर 4 बार आउट हुए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज के खिलाफ 22 गेंद में सिर्फ 11 रन ही बनाए हैं।
- जोश हेजलवुड (21 विकेट) को प्रसिद्ध कृष्णा से पर्पल कैप छीनने के लिए 5 विकेट लेने की जरूरत है। हालांकि, ऐसा नहीं हो सकता है, लेकिन हेजलवुड फाइनल को आकार देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इस सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ 3 मैच में पहले ही 6 विकेट लिए हैं। उन्होंने जोश इंगलिस और श्रेयस अय्यर को 2-2 बार आउट किया है।
- पिछले 15 साल में यह दूसरी बार है जब दोनों आईपीएल फाइनलिस्ट में से किसी ने भी पहले ट्रॉफी नहीं जीती है। आखिरी बार ऐसा 2016 में हुआ था। तब आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद ने फाइनल खेला था।
- आईपीएल 2025 के दौरान सुयश शर्मा ने बाएं हाथ के बल्लेबाजों (193.00 के औसत और 9.81 की इकॉनमी) की तुलना में दाएं हाथ के बल्लेबाजों (31.57 की औसत, 7.80 की इकॉनमी रेट) पर ज्यादा लगाम लगाई है। पंजाब किंग्स के खिलाफ यह अंतर और भी अधिक बढ़ (दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 7.40 पर 5 विकेट और 5.84 की इकॉनमी रेट) और (बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 7.09 की इकॉनमी रेट और कोई विकेट नहीं) गया है।
- पंजाब किंग्स के मध्यक्रम में एकमात्र बाएं हाथ के बल्लेबाज नेहल वढ़ेरा ने इस सीजन में आरसीबी पर टीम की एकमात्र जीत के दौरान सुयश के खिलाफ 12 गेंद में 21 रन बनाए थे। वह अन्य दो मुकाबलों में कम स्कोर पर आउट हुए, जिसमें सुयश ने 7 ओवर में 43 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
- विराट कोहली टी20 मैच में बल्लेबाजी के दौरान अपने सामान्य दृष्टिकोण से अलग दिखे हैं। हालांकि, वह अब भी बीच के ओवर्स खासकर पावरप्ले के तुरंत बाद के ओवरों में धीमा हो जाते हैं।
- आईपीएल 2025 में 7-10 ओवरों में कम से कम 50 गेंदों का सामना करने वाले 28 बल्लेबाजों में से विराट कोहली का स्ट्राइक रेट 109.61 तीसरा सबसे कम है। यह अजिंक्य रहाणे (102.97) और केएल राहुल (107.31) से थोड़ा ऊपर है। अगर विराट कोहली पावरप्ले में टिके रहते हैं, तो शुरुआती बीच के ओवरों के दौरान क्रीज पर उनके साथी का स्ट्राइक रेट महत्वपूर्ण हो सकता है।
- यदि दिन रजत पाटीदार का है तो स्पिनर्स की शामत आना तय है। हालांकि, हरप्रीत बरार (18 गेंद, 21 रन, एक आउट) और युजवेंद्र चहल (27 गेंद, 40 रन, दो आउट) के खिलाफ उनका बल्ला काफी शांत हो जाता है। ये दोनों ही खिलाड़ी फाइनल में उनके सामने हो सकते हैं।


