एनएसटी न्यूज, भोपाल। जे.एन. भाया ट्रॉफी सीनियर मेंस टी-20 (2025-26) के फाइनल मुकाबले में रीवा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर को 60 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले में रीवा के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 244 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रोहित गुप्ता ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सागर पी. सिंह बघेल ने 22 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली, जबकि अनंत वर्मा ने 24 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर की टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन वह लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। ग्वालियर की पूरी टीम 19.2 ओवर में 184 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अमन भदौरिया ने 30 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली। अमन यादव ने 30 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि वेदांश व्यास ने 17 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। रीवा की ओर से गेंदबाजी में त्रिपुरेश सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। ओमकारनाथ सिंह ने 2 विकेट और अधीर पी. सिंह ने 1 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए रोहित गुप्ता को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबले के समापन पर आयोजित पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर एमपीसीए ऑब्जर्वर नितिन श्रीवास्तव, सेज ग्रुप के एमडी करण खुराना और बीडीसीए के मानद सचिव शांति कुमार जैन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीडीसीए कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर धाकड़, उपाध्यक्ष अविनाश पाठक, राघवेंद्र सिंह तोमर, अरविंद वर्मा, पूर्व रणजी खिलाड़ी दिलीप अवस्थी और वरिष्ठ चयन समिति सदस्य राजीव सक्सेना सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे।

