– रस्साकशी स्पर्धा में जनसंपर्क ने डिजियाना-11 को 2-0 से हराकर जीता खिताब
nst news, भोपाल। नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) द्वारा आयोजित 6वें मीडिया खेल कार्निवाल-2026 के फाइनल मुकाबले में जनसंपर्क की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिजियाना-11 को 100 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। ओल्ड चैंपियन मैदान पर खेले गए इस फाइनल में जनसंपर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए, जवाब में डिजियाना-11 की टीम 18.5 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण खेल मंत्री विश्वास सारंग ने किया। इस मौके पर स्वदेश ज्योति के संपादक अक्षत शर्मा, वरिष्ठ खेल पत्रकार आरके यदुवंशी, आयोजक इंद्रजीत मौर्य, मोहन द्विवेदी, शंकर मूर्ति आदि मौजूद रहे। इस मौके पर आयोजित रस्साकशी स्पर्धा में जनसंपर्क ने डिजियाना-11 को 2-0 से हराया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जनसंपर्क टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर अखिल परास्ते बिना खाता खोले आउट हो गए, वहीं विकेटकीपर तोशी भी केवल एक गेंद खेलकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सबू और अजय ने पारी को संभाला और तेज रन गति से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सबू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। अजय ने 23 गेंदों में 46 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और नौ चौके लगाए। कप्तान अनुराग उइके ने भी जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 40 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। सत्यम मालवीय ने 3 रन बनाए, जबकि राहुल सिंह पाल सात गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद लौटे। जनसंपर्क ने निर्धारित 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। डिजियाना-11 की ओर से गेंदबाजी में श्रिकांत उपासे, अजय यादव और मुकेश रावत ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में उतरी डिजियाना-11 की टीम की शुरुआत अच्छी रही और अजय यादव ने 17 गेंदों में 28 रन बनाए। लेकिन इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पुरू प्रधान ने 13, सुमित शर्मा व धर्मेंद्र ने 12-12 रन बनाए। पूरी टीम 18.5 ओवर में 109 रन पर ऑलआउट हो गई। जनसंपर्क से अमितेश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1.5 ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लिए। अभिषेक पाल ने तीन ओवर में नौ रन देकर दो विकेट झटके। कप्तान अनुराग उइके और सत्यम मालवीय ने भी दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि मयंक को एक विकेट मिला।
पुरस्कार विजेता
मैन ऑफ द सीरीज: अनुराग उइके (जनसंपर्क)
बेस्ट बैट्समैन: अनुराग उइके (जनसंपर्क)
मैन ऑफ द फाइनल: अनुराग उइके (जनसंपर्क)
बेस्ट बॉलर: राजा अहीरवार (डिजियाना-11)
बेस्ट फील्डर: तोशी (जनसंपर्क)
टेनिस क्रिकेट: टीम कैन्यन ने ओल्ड चैंपियन ए को हराकर जीता खिताब
एनएसटी मीडिया खेल कार्निवाल-2026 के टेनिस क्रिकेट के मुकाबले में टीम कैन्यन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओल्ड चैंपियन ए को 8 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। ओल्ड चैंपियन ग्राउंड पर ओल्ड चैंपियन ए की टीम 10 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 65 रन ही बना सकी। विकेटकीपर बल्लेबाज ड्रोन श्रीवास्तव ने 19, मंटू सिंह ने 12 रन की उपयोगी पारी खेली। टीम कैन्यन की ओर से ऋषभ शर्मा ने 3 विकेट झटके। श्रीधर द्विवेदी ने व राहुल यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए। जवाब में टीम कैन्यन ने 8.2 ओवर में 2 विकेट खोकर 71 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। राहुल यादव 26 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ऋषभ शर्मा ने 25 रन की विस्फोटक पारी खेली। राजू मीणा को एक विकेट मिला।


