शानदार फॉर्म का इनाम, वैष्णवी अडकर बनीं देश की नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी

0

नई दिल्ली : भारतीय टेनिस में 21 साल की वैष्णवी अडकर नई स्टार बनकर उभरी हैं। उन्होंने साल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत की नई महिला सिंगल्स नंबर 1 खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। पुणे की इस युवा खिलाड़ी ने वर्ल्ड रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाते हुए 643वें स्थान से 383वें स्थान तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

टेनिस में वैष्णवी अडकर ने रचा नया इतिहास

दरअसल, ताजा रैंकिंग में वैष्णवी अडकर ने सहजा यमलापल्ली (Sahaja Yamalapalli (384)) को पीछे छोड़ते हुए टॉप पोजीशन हासिल की, जबकि वैदेही चौधरी और श्रीवल्ली रश्मिका क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।

बिली जीन किंग कप में वैष्णवी अडकर पर बड़ी जिम्मेदारी

वैष्णवी इस समय नई दिल्ली में बिली जीन किंग कप (पूर्व में फेड कप) 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। टीम को उनसे और सहाजा से सिंगल्स में काफी उम्मीदें हैं, जबकि डबल्स में अंकिता रैना और रुतुजा भोसले अहम भूमिका निभा सकती हैं।

ITF टूर्नामेंट्स में वैष्णवी अडकर ने मचाया तहलका

वैष्णवी अडकर की इस शानदार उछाल के पीछे ITF सर्किट में उनका लगातार बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। उन्होंने बेंगलुरु में W100 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा और 2009 में सानिया मिर्जा के बाद इस स्तर के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। हालांकि वह यहां उपविजेता रहीं, लेकिन इस उपलब्धि ने ITF सर्किट पर उनके बढ़ते कद को और मजबूत किया।

इसके बाद कालाबुरागी में उन्होंने खिताब जीतकर अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखा। फाइनल में उन्होंने अंकिता रैना को 7-6(3), 6-4 से हराया, जबकि सेमीफाइनल में टॉप सीड जैसमिजन गिम्ब्रेरे को हराकर सबको चौंका दिया। डबल्स में भी वैष्णवी ने कमाल दिखाया और अंकिता रैना के साथ मिलकर खिताब अपने नाम किया। साल 2026 में उनका यह लगातार शानदार प्रदर्शन उन्हें भारतीय टेनिस की नई उम्मीद के रूप में स्थापित कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here