एनएसटी न्यूज, भोपाल। राधारमण समूह के दिवंगत चेयरमैन स्व. आर. आर. सक्सेना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंगलवार को राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) द्वारा आयोजित आरजीपीवी नोडल क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 का शुभारंभ आरजीआई क्रिकेट ग्राउंड, भोपाल में हुआ। राधारमण ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के अध्यक्ष इंजीनियर संजीव सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में टीआईटी ने शशिब को रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से हराया। शशिब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 119 रन बनाए, जिसमें प्रभु प्रसाद मोहापात्रा की 43 रनों की पारी सबसे उल्लेखनीय रही। जवाब में टीआईटी ने 9 विकेट खोकर 120 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीआईटी की ओर से कीर्ती कुमार तिवारी ने 29 और आदित्य ने 14 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में विपुल यादव ने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। दूसरे मुकाबले में मित्तल ने पटेल टीम को 34 रनों से हराया। मित्तल ने 8 विकेट खोकर 153 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष सुकोमा ने 37 गेंदों पर 54 रन की शानदार पारी खेली और सौरभ प्रजापति ने 21 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए पटेल की टीम 17.5 ओवर में 9 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। सुमन सिंह ने 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मित्तल के श्याम ने 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। यह प्रतियोगिता 18 से 28 नवंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न तकनीकी शिक्षण संस्थानों की 19 टीमें भाग ले रही हैं।


