एनएसटी न्यूज, भोपाल। आईईएस कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के आईईएस कैंपस स्थित फुटबॉल ग्राउंड पर आरजीपीवी स्टेट लेवल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के सात नोडल केंद्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सागर की टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में पहले दिन तीन मैच खेले गए। पहला मैच सागर नोडल और ग्वालियर नोडल के बीच हुआ, जिसमें ग्वालियर नोडल ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में जबलपुर नोडल ने शानदार खेल दिखाते हुए रीवा नोडल को 7-0 से हराया। वहीं तीसरे मैच में भोपाल नोडल ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उज्जैन नोडल को 4-0 से पराजित किया। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे।


